
पूर्व विधायक एवं बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल को विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने दूसरे दिन रविवार को जय विलास पैलेस में विरोध प्रदर्शन किया। मुन्ना समर्थक केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की गाड़ी के आगे लेट गए और और टिकट बदलने की मांग करने लगे। सिंधिया ने समर्थकों को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे। सिंधिया के आश्वासन के बाद समर्थक हटे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने ग्वालियर पूर्व से टिकट के प्रबल दावेदार मुन्नालाल गोयल की जगह पूर्व मंत्री माया सिंह को टिकट दिया है।
रविवार को मुन्नालाल के समर्थक जय विलास पैलेस पहुंच गए और न्याय करो के नारे लगाने लगे। इस बीच सिंधिया कार से महल से निकले। उन्होंने समर्थकों से कहा, इस संबंध में बात करूंगा। यह कहकर सिंधिया कार में बैठकर जाने लगे, तभी समर्थक उनकी गाड़ी के सामने लेट गए। सिंधिया जैसे ही कार से बाहर निकले तो समर्थक उनके पैरों में गिर गए और मुन्नालाल को टिकट देने की मांग करने लगे। सिंधिया भी समर्थकों के बीच सड़क पर बैठ गए। समर्थकों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। समर्थकों ने कहा, यदि 24 घंटे में कोई निर्णय नहीं लिया तो फिर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आज
मुन्नालाल गोयल को टिकट नहीं दिए जाने पर आगे की रणनीति तय करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक 23 अक्टूबर को शाम 6 बजे गोयल वाटिका में रखी गई है। बैठक में पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल उपस्थित रहेंगे।
जय सिंह ने दिया इस्तीफा
केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करीबी जयसिंह कुशवाह भी पार्टी के विरोध में खड़े हो गए हैं। माया सिंह को टिकट देने के विरोध में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी संगठन के पदों (प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं मुरैना जिले के प्रभार) से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा को भेजा है। कुशवाह ने कहा, पार्टी परिवार वाद को बढ़ावा दे रही है। इसलिए एक ही परिवार को लगातार 12वीं मौका दिया है।
भाजपा की सभी स्थितियां नियंत्रण में है।
टिकट को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं में मत भिन्नता रहती है, क्योंकि एक सीट से कई दावेदार होते हैं। भाजपा की सभी स्थितियां नियंत्रण में है। सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। जनता का इस बार भी आशीर्वाद मिलेगा।
- नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री
भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है
भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। जो कार्यकर्ता सर्वश्रेष्ठ नतीजा दे, उसका सम्मान जरूर होना चाहिए। जिलाध्यक्ष से इस मामले में चर्चा की है अब उनको निर्णय लेना है। यह पार्टी की विचारधारा है तभी हम अपने कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान कर पाएंगे।
- ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय मंत्री
मुन्नालाल का टिकट कटने पर चक्काजाम करने वाले 40 लोगों पर एफआइआर
पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के समर्थकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोयल का टिकट कटने से खफा होकर बारादरी चौराहे पर चक्काजाम करने वाले करीब 40 लोगों पर मुरार पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है, जाम लगाने वालों को समझाया था कि आचार संहिता में प्रदर्शन नहीं कर सकते, लेकिन नहीं माने।
ग्वालियर पूर्व से भाजपा ने इस बार माया सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इससे पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के समर्थक खफा हैं। शनिवार को भाजपा की सूची में गोयल का नाम नहीं देखकर करीब 30-40 लोगों नारेबाजी करते हुए बारादरी पर जाम लगा दिया था। रविवार को मुरार पुलिस ने इन लोगों पर आचार संहिता का उल्लंघन और रास्ता रोकने का केस दर्ज किया है। टीआइ मदनमोहन मालवीय ने बताया जाम लगाने वालों में किसी पहचान नहीं हुई है। बारादरी पर सीसीटीवी लगे हैं। उनके आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
23 Oct 2023 07:12 am
Published on:
23 Oct 2023 07:09 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
