
राहुल गांधी को देखने बेकाबू हुई भीड़,तोड़ा घेरा,वीआईपी बॉक्स तक पहुंची, SPG को आया पसीना
ग्वालियर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने के बाद उनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। इतना ही नहीं मेला मैदान पर एकत्रित पुरुषों ने घेरा तोडक़र आगे बढऩे का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया,लेकिन वह घेरा तोड़ते हुए वीआईपी बॉक्स तक पहुंच गए। इसके बाद एसपीजी के पसीना आ गया और अनन फनन में पुलिस के अतिरिक्त जवानों को मौके पर बुलाया गया।
बावजूद इसके भीड़ बेकाबू होती रही। भीड़ को आगे बढ़ते देख कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाथ का इशारा कर भीड़ को आगे बढऩे से रोकने का प्रयास किया। सिंधिया के हाथ का इशारा लोग समझ गए और वे वीआईपी बॉक्स के पास ही बैठ गए।
प्रवेश के लिए छह द्वार, जन पर लगे थे मैटल डिटेक्टर
मेला मैदान स्थित सभा स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। सभा स्थल में प्रवेश के लिए छह द्वारा बनाए गए थे। जिन पर मैटल डिटेक्टर लगे थे। पुलिस कर्मी अंदर प्रवेश करने वाले एक-एक व्यक्ति का चैकिंग कर रहे थे। छह प्रवेश द्वार में से चार पुरुषों के लिए और दो महिलाओं के लिए थे।
काली टी-शर्ट,शर्ट और साड़ी पहनकर आने वालों को प्रवेश नहीं
सभा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों में अगर कोई काली टी-शर्ट, शर्ट व साड़ी पहनकर पहुंचा उसे पुलिस ने बाहर गेट पर ही रोक लिया। काली टी-शर्ट उतारकर ही सभा स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी। ऐसे में धर्मेन्द्र मीणा ने नई टी-शर्ट मंगाकर पहनी। उसका कहना था कि राहुल गांधी को देखने आया हूं। काली टी-शर्ट पहनकर आया था, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। इसलिए नई टी-शर्ट मंगाई।
एक साइड का मार्ग सुबह से था ब्लॉक
पुलिस ने एक साइड का मार्ग सुबह से ब्लॉक कर रखा था। कारण इस मार्ग से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का काफिला गुजरना था। इस मार्ग पर दुकानों को भी बंद करा दिया गया था। पुलिस के जवान हर उस मुहाने पर खड़े थे जहां से लोग प्रवेश कर सकते थे। इस मार्ग पर किसी को भी आने नहीं दिया रहा था।
पन्नी में भरकर लाए पानी
सभा स्थल पर पहुंचे लोग पीने के पानी की व्यस्था कर के लाए थे। वह पीने के पानी को एक पन्नी में भरे हुए थे। कुछ महिलाएं पन्नी से बच्चों को पानी पिलाती नजर आईं। सभा स्थल पर पीने के पानी और खाने की व्यवस्था थी, लेकिन खाने के पैकेज पुलिस सभा स्थल पर नहीं ले जाने दे रही थी।
Published on:
16 Oct 2018, 5:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.