
Breaking : राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना,भाजपा में खलबली
ग्वालियर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 15 अक्टूबर को सुबह विमान से ग्वालियर आए। जहां वे हवाई पट्टी से उतरकर पीतांबरा पीठ पहुंंचे। जहां से सीधे मां पीतांबरा के मंदिर में पहुंचे और पूजा अर्चना की। इसके बाद वह स्टेडियम में आयोजित आमसभा को संबोधित करने पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पीएम मोदी ने किसानों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने सिर्फ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया बल्कि पंजाब नेशनल बैंक का पैसा खाकर भागे नीरव मोदी की प्लानिंग भाजपा को पता थी फिर भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय मुद्दे व समस्याओं के बारे में तो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कुछ नहीं बोले न ही उन्होंने दतिया का नाम लिया पर 29 मिनट के अपने लंबे भाषण में वे अनिल अंबानी,नीरव मोदी,मेहुल चौकसे व विजय माल्या के बारे में काफी देर बोले।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने अंबानी व बड़े उद्योगपतियों को जमकर लाभ पहुंचाया। अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकार के बनने के दस दिन के अंदर ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने बेरोजगारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि हमारा जो सीएम होगा वह 24 में से 18 घंटे तो बेरोजागरों को रोजगार देने के लिए काम करेगा। हर जिले में किसान के खेत के पास फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगेगी। ताकि उन्हें अपने उत्पाद को बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने मंच पर मौजूद सभी का व्यक्तिगत अभिवादन करने के बाद कहा कि आज देश अमेरिका समेत अन्य देशों से बराबरी करने की स्थिति में खड़ा है उसका श्रेय कांग्रेस को ही जाता है। वे प्रदेश के बारे में केवल दो मिनट ही बोले बाकी 27 मिनट तक मोदी व उद्योगपतियों व चीन,जापान ,अमेरिका के बारे में ही बोलते रहे। मंच संचालन पूर्व विधायक राज्यवर्धन सिंह दत्तीराजा ,अभिषेक तिवारी,सत्येन्द्र खरे आदि ने किया। अंत में अतिथियों का आभार अशोक दांगी बगदा ने किया।
बेहाल किया है जनता को
गुना-शिवपुरी सांसद व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने बेमिशाल कोई काम नहीं किया बल्कि प्रदेश की जनता को बेहाल किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासन मस्त व जनता त्रस्त और बेरोजागार दर-दर की ठोकरें खा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान मस्त हैं। मंदसौर में किसानों के साथ हुई घटना को भी उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भावांतर योजना को उन्होंने भ्रष्टाचार की योजना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं। दतिया के बारे में उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी है जो मां पीतांबरा देवी से आर्शावाद लेने आई है। मतदाताओं का आव्हान किया कि वे कांग्रेस को फिर एक बार मौका दें। इस दौरान वोट देने के लिए हाथ उठवाकर शपथ व संकल्प दिलाया।
हम सीधे हैं भाजपा को दूर करने में मदद करें
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम सीधे-साधे हैं। भाजपा को सरकार को प्रदेश से हटाकर ऐसी सरकार लाएंगे जिसमें किसानों की निराशा दूर होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अच्छे कार्मों में तो पहले नंबर पर नहीं रही पर किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार ,महिलाओं की असुरक्षा के मामले में जरूर नंबर बन गया है।साथ ही कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया था लेकिन भाजपा अब किसानों को कर्ज में पहुंचा रही है। इसके बाद ङ्क्षसधिया ने भी केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। राहुल गांधी दोपहर 2.20 बजे दतिया से रवाना होकर 2.40 पर डबरा पहुंचेंगे।
यहां सभा संबोधित करने के बाद 4.40 बजे हेलिकॉप्टर से ग्वालियर आकर जयविलास परिसर में उतरेंगे। यहां रोड शो और सभा को संबोधित करने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान उनके साथ चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य ङ्क्षसधिया,पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह,प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ,अजय सिंह समेत प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
16 अक्टूबर को यहां जाएंगे राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दूसरे दिन 16 अक्टूबर को सुबह पौने ग्यारह बजे ग्वालियर फोर्ट स्थित गुरूद्वारा श्री दाता बंद छोड़ साहिब के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12 बजे हेलिकॉप्टर से श्योपुर पहुंचकर वहां मेला ग्राउंड में आमसभा को संबोधित करेंगे। ढाई बजे सबलगढ़ पहुंचकर वहां मंडी प्रांगण में जनसभा को संबोधित करेंगे।
करीब 4.30 बजे जौरा पहुंचेंगे और वहां मंडी प्रांगण में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पौने छह बजे जौरा से बस पर रवाना होकर 26 किलोमीटर लंबे मार्ग पर मुरैना तक रोड शो करेंगे। जिसमें रास्ते में बिलगांव, बागचीनी,मुंगावली और मुरैना गांव में उनका स्वागत किया जाएंगे। इतना ही नहीं राहुल गांधी पौने सात बजे सडक़ मार्ग से मुरैना से रवाना होकर पौने आठ बजे ग्वालियर विमान तल पहुंचेंगे,जहां से वे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
मंच पर ये रहे मौजूद
स्थानीय स्टेडियम पर आयोजित संकल्प यात्रा के बाद आयोजित सभा के दौरान मंंच पर सुरेश पचौरी , जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव,पिछोर विधायक केपी सिंह,पूर्व विधायक शिवचरण पाठक पूर्व विधायक घनश्याम सिंह,सुनील तिवारी,जितेन्द्र सिंह ठाकुर,रामाधार उपाध्याय,मुरारी लाल गुप्ता,दामोदर सिंह यादव,भानु ठाकुर, डॉ संतराम सरोनियां,रामकिंकर सिंह गुर्जर,धीरेन्द्र प्रताप सिंह राठौर विष्णु गुर्जर,अंकित पटेल,नरेन्द्र गुर्जर,सिल्लन साहू,जीतू दांगी,अभिषेक तिवारी,बड़ोनी से गगन गुप्ता व आनंद चौबे समेत अन्य पदाधिकारी व कांग्रेस के सदस्य मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं का प्रवेश नहीं होगा प्रतिबंधित
राहुल गांधी के दतिया प्रवास के दौरान आम श्रद्धालुओं और साधकों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। पीठ के प्रबंधक एम डी द्विवेदी के अनुसार इस संबंध में एसपीजी अधिकारियों से चर्चा हुईहै। मंदिर में चल रहीं धार्मिक गतिविधियों में किसी तरह की कोई तब्दीली नहीं की जाएगी और न ही आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा।
हर जगह तैनात है पुलिस
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर ग्वालियर चंबल संभाग को हाईअलर्ट पर रखा गया है। रविवार सुबह से ही दतिया और ग्वालियर व डबरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में आने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस को तैनात किया गया है। राहुल गांधी की सुरक्षा तीन स्तर पर की जा रही है।
एसपीजी सहित करीब एक हजार जवान को राहुल की सुरक्षा में लगाया गया है। वहीं दिल्ली से आई एसपीजी की टीम के अलावा करीब आधा दर्जन आईपीएस,इतने ही अतिक्ति पुलिस अधीक्षक, एक दर्जन से ज्यादा डीएसपी समेत सैकड़ों की संख्या में पुलिस, सुरक्षा में तैनात रहेंगे। एसएएफ व होमगार्ड तैनात रहेगी। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि स्टेडियम समेत अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त है।
Updated on:
15 Oct 2018, 4:22 PM IST
Published on:
15 Oct 2018, 2:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.