
ग्वालियर। हम आने वाले विधानसभा चुनाव में ग्वालियर-चंबल की ३२ और राजगढ़ की २ सीट जीतने की बात कर रहे हैं,जब हम ये ३४ सीट जीतने की बात कर रहे हैं तो फिर हम इस क्षेत्र की एक लोकसभा सीट पर रहम क्यों कर रहे हैं। प्रदेश में दो ही सीट तो हैं,जिनमें से एक सीट मेरे क्षेत्र में है और एक सीट इस क्षेत्र में है,इन दोनों सीटों को भी जीतने के लिए कार्यकर्ता संकल्प ले ले,तो वो लोकसभा की सीट भी हमारी झोली में होगी,इसके पहले हम संकल्प लें कि चौथी बार सरकार बनवाएंगे।
कांग्रेस दुनिया की कितनी ताकतों के साथ मिलकर षड्यंत्र कर रही है, उनको डर है कि दोबारा से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बन गई तो उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। स्वागत के बाद यह बात भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कही। उन्होंने राजमाता को याद करते हुए कहा कि राजमाता महल से निकलीं और जनसंघ बनाया,जबकि दतिया में उन्होंने कहा कि चुनाव में टिकट देने का आधार पार्टी का आदर्श ही रहेगा।
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में अप्रासंगिक हो रही है, कांग्रेस का जो नेतृत्व है, उसको लेकर कांग्रेस में ही गंभीरता नहीं है, कांग्रेस के अध्यक्ष को सोशल मीडिया में उपहास के रूप में लिया जाता है, वे कांग्रेस के ही नेता नहीं बन पाए हैं,देश के नेता बनने की बात तो बहुत दूर है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि जिस धरती पर प्रदेश अध्यक्ष आए हैं,उसने देश का सबसे पहला महापौर एनके शेजवलकर के रूप में दिया है। राकेश सिंह अविजित नेता के रूप में हमारे बीच हैं, हम सभी को संभाग की ३४ सीटें जीतना ही पड़ेंगी। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री जयभान सिंह पवैया, मायासिंह, महापौर विवेक शेजवलकर सहित अन्य भी मौजूद थे।
जहां स्वागत वहां जाम
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर सिकरौदा तिराहा, हुरावली तिराहा, बारादरी चौराहा, महाराजा मानसिंह तिराहे व स्टेशन बजरिया पर उनका स्वागत किया गया। इस पर यहां जाम की स्थिति बनी रही।
स्तर नीचे न गिरे सब करें इसकी चिंता
भाजपा हमेशा से यह प्रयास करती है, भाषा और शब्दों का स्तर नीचे नहीं गिरना चाहिए। इसकी चिंता सभी को करनी चाहिए। यह जवाब प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने राजनीति में अंगद और नालायक जैसे शब्दों के प्रयोग किए जाने के सवाल के जवाब में कही।
उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि भाजपा कमर कसकर तैयार है, कार्यकर्ता के एक हाथ में बैनर और दूसरे हाथ में कमल लेकर मैदान में उतर चुका है। यह तय है कि सीएम शिवराज सिंह की लोकप्रियता से विधानसभा में और पीएम नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से केन्द्र में सरकार बनेगी।
Published on:
11 May 2018, 2:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.