
youth
ग्वालियर। भाई की शादी में शामिल होने जबलपुर से आईं रीना धाकड़ (२६) का टेंपो में चोरों ने ट्रॉली बैग काट कर १५ तोला के जेवर और १० हजार रुपए चोरी कर लिए। रीना चचेरे भाई अमन और दो बच्चों के साथ श्रीधाम एक्स. से रविवार सुबह ग्वालियर आई थीं। माधौगंज जाने टेंपो में बैठीं। रास्ते में चोरों ने ट्रॉली काट जेवर और पैसे निकाल लिए। सीसीटीवी में इंदरगंज चौराहे पर तीन संदिग्ध दिखे हैं। जगदीश निवासी धौरिया (शिवपुरी ) ने बताया ४ दिसंबर को बेटे अरविंद की शादी है।
इसलिए बेटी रीना पत्नी रामलखन धाकड़ को चचेरा भाई अमन जबलपुर से ला रहा था। रविवार सुबह करीब ६ बजे श्रीधाम एक्सप्रेस से भाई-बहन ग्वालियर पहुंचे। शिवपुरी आने से पहले एकता कॉलोनी (माधौगंज) में ममेरे भाई नीरज के यहां चले गए। माधौगंज जाने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर से कंपू तक टेंपो में बैठे।
उसी टेंपो में जेबकट भी सवारी बनकर बैठे थे। रास्ते में उन्होंने रीना के ट्रॉली बैग को काट कर जेवर और पैसे चोरी कर लिए। रीना और अमन कंपू पर टेंपो से उतरे वहां से ऑटो कर नीरज के घर पहुंचे। बैग खोला तो चोरी का पता चला। घटना पुलिस को भी बताई। दूसरे दिन माधौगंज थाने पहुंचकर शिकायत की।
34 घंटे बाद एफआईआर
जगदीश धाकड़ ने पत्रिका को बताया कि टेंपो से बैग चोरी होने का मामला पुलिस को घटना के कुछ देर बार बता दिया था। लेकिन कार्रवाई करीब ३४ घंटे बाद हुई। सबसे पहले घटना इंदरगंज पुलिस को बताई। एक हैड कांस्टेबिल ने पुलिस कंट्रोल रुम ले जाकर सीसीटीवी कैमरे चैक किए।
उनमें तीन संदेही इंदरगंज चौराहे पर टेंपो से उतरकर जाते दिखे। लेकिन एफआईआर नहीं हुई। तब सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की। सोमवार को माधौगंज थाने जाकर घटना बताई तब एफआईआर हुई।
Published on:
28 Nov 2017, 7:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.