
प्रदेश में कई माह से सक्रिय एटीएम टेम्परिंग गैंग, हनुमानगढ़ पुलिस का बढ़ा टेम्परेचर
प्रदेश में कई माह से सक्रिय एटीएम टेम्परिंग गैंग, पुलिस का बढ़ा टेम्परेचर
- टाउन एटीएम से लूट को लेकर मामला दर्ज
- एक कार्ड से 14 ट्रांजेक्शन कर निकाली नकदी
- जंक्शन व सदर थाना क्षेत्र के एटीएम पर वारदात को लेकर भी पड़ताल
हनुमानगढ़. प्रदेश में पिछले पांच माह से एटीएम टेम्परिंग गैंग सक्रिय बताई जा रही है। इससे पहले तक एटीएम से यूं छेड़छाड़ कर नकदी निकालने की कोई वारदात सामने नहीं आई थी। हालांकि सबसे पहले कौनसे जिले में वारदात हुई, यह जानकारी तो एसबीआइ अधिकारियों के पास नहीं है। मगर इतना जरूर है कि करीब चार-पांच माह से टेम्परिंग गैंग सक्रिय है।
जिले में ही चार वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि इनकी समय पर सूचना नहीं देने पर पुलिस प्रशासन का टेम्परेचर बढ़ा हुआ। बैंक प्रबंधन के रवैये के प्रति पुलिस की भृकुटि तनी हुई है। इस बीच मंगलवार को टाउन थाने में सोमवार को हुई एसबीआइ एटीएम टेम्परिंग की घटना को लेकर अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया गया। बीकानेर से हनुमानगढ़ पहुंचे एसबीआई के एटीएम ठेके पर लेने वाली टीएसआई कंपनी के संभाग अधिकारी आदित्य काटजू ने आंतरिक जांच-पड़ताल के बाद टाउन थाने में परिवाद सौंपा। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। बैंक अधिकारियों ने चार एटीएम पर जहां वारदात हुई, उनका मुआयना किया। पहले दिन टाउन तथा डबलीराठान एटीएम की ही जांच हो सकी। अब बुधवार को जंक्शन के दो एटीएम की जांच कर लूटी गई राशि का पता लगाया जाएगा।
255000 रुपए गायब
टाउन थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार टाउन में अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित एसबीआइ एटीएम से सोमवार को अज्ञात जने कुल दो लाख 55 हजार रुपए निकाल ले गए।
डबलीराठान से 157 नोट गायब
वहीं बैंक अधिकारियों ने मंगलवार को डबलीराठान स्थित एटीएम की भी जांच की। इस दौरान पता लगा कि अज्ञात जने 500-500 के कुल 157 नोट निकाल ले गए। इस संबंध में बैंक प्रबंधन की ओर से संभवत: बुधवार को सदर थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।
जंक्शन के यह दो एटीएम
जंक्शन क्षेत्र के भी दो एटीएम से टेम्परिंग के जरिए नकदी निकाली गई है। हालांकि मंगलवार को बैंक अधिकारियों ने केवल टाउन व डबलीराठान स्थित एटीएम की ही जांच की। बुधवार को जंक्शन में भगतसिंह चौक स्थित एटीएम तथा चूना फाटक स्थित एटीएम की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि वहां से कितने रुपए निकाले गए। इसके बाद जंक्शन थाने में मामला दर्ज कराने की कार्यवाही की जाएगी।
एक ही कार्ड से 14 बार ट्रांजेक्शन
यह बात सामने आई है कि अज्ञात जनों ने एक ही कार्ड से 14 बार ट्रांजेक्शन किया था। इतने ट्रांजेक्शन में एटीएम मशीन से 500-500 रुपए के 510 नोट निकाले मतलब कुल 2 लाख 55 हजार रुपए। टीएसआई कंपनी के संभाग अधिकारी आदित्य काटजू ने पुलिस को उस एटीएम कार्ड का नम्बर भी बताया है जिससे ट्रांजेक्शन कर रुपए निकाले गए।
क्या था मामला
टाउन में अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में सोमवार सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर एक जना घुसा। उसके साथी बाहर खड़े रहे। अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कक्ष में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे पर टेप चिपका दी ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। इसके बाद युवक ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर करीब ढाई लाख रुपए की नकदी निकाल ली। बैंक अधिकारियों की सूचना पर टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक अज्ञात तीनों जने वारदात को अंजाम देकर जा चुके थे।
Published on:
31 Aug 2021 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
