10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जमानत के एवज में रुपए मांगने के मामले में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष गिरफ्तार

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

हनुमानगढ़

•

image

Jai Narayan Purohit

•

Updated: 7 Oct 2018, 11:26 AM IST

Bail

जमानत के एवज में रुपए मांगने के मामले में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष गिरफ्तार

हनुमानगढ़.

दिल्ली की नाबालिग लड़की से सामूहिक दुराचार के आरोपितों से जमानत के एवज में पैसे मांगने के प्रकरण में शनिवार को बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जोधा सिंह को जंक्शन पुलिस ने शनिवार गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना मिलने पर अधिवक्ता आक्रोशित हो गए।

विरोध जताने के लिए पहले जंक्शन थाने में एकत्र हुए। वहां से जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल के आवास पर चले गए। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से वार्ता कर कहा कि अधिवक्ता जोधा सिंह के खिलाफ दर्ज मामलों में राजीनामा हो चुका है।

कुछ प्रकरण में कोर्ट से एफआईआर निरस्त हो चुकी है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी क्यों की गई है। एसपी ने थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा से वस्तुस्थिति पता कर कहा कि शांति देवी प्रकरण में राजीनामा जैसी कोई बात पुलिस रिकॉर्ड में नहीं है।


इस प्रकरण की जांच सुजानगढ़ एएसपी के पास है। जांच पूरी होने के बाद जोधा सिंह को आरोपित माना गया है। उसी आधार पर उनको गिरफ्तार किया गया है। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस हिरासत में आरोपित जोधा सिंह से मारपीट की आशंका जताते हुए कहा कि जब इस प्रकरण को लेकर आंदोलन चला था, तब पुलिस अधिकारियों से बाल कल्याण समिति अध्यक्ष की बहुत गर्मागर्मी हुई थी। ऐसे में आशंका है कि पुलिस हिरासत में आरोपित अधिवक्ता से मारपीट हो सकती है।


एसपी ने अधिवक्ताओं की आशंका का समाधान करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी आरोपित अधिवक्ता के साथ नहीं होगा। इसके बाद सभी अधिवक्ता पुन: जंक्शन थाने लौट आए। वहां थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा से बातचीत कर एसपी से हुई वार्ता की जानकारी दी। इस दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हिरासत में आरोपित से मारपीट की बात सामने आई तो कड़ा विरोध किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व बार संघ अध्यक्ष जितेन्द्र सारस्वत, प्रद्युम्न परमार, दिनेश दाधीच, जयपाल झोरड़, विजयसिंह चौहान, प्रतापसिंह शेखावत आदि शामिल रहे।


धड़ाधड़ लगे थे आरोप, मामले दर्ज
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जोधा सिंह के खिलाफ गत वर्ष सिलसिलेवार ढंग से ठगी सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हुए थे। २८ दिसम्बर २०१७ को कमल सिंह पुत्र बद्री राजपुरोहित निवासी पल्लू ने जंक्शन थाने में जोधा सिंह पर जमानत कराने की एवज में रुपए ऐंठने का मामला दर्ज कराया था। हालांकि अगले दिन ही परिवादी ने एसपी के समक्ष पेश होकर इससे इनकार कर दिया।

फिर ३१ दिसम्बर को जमानत पर रिहा चल रहे छह आरोपित जंक्शन थाने में पेश हुए और कहा कि समिति अध्यक्ष ने उनसे कोई रुपए नहीं लिए। इसके ठीक तीन दिन बाद तीन जनवरी को शांति देवी पत्नी टोपनदास सिंधी निवासी गांधीनगर ने एसपी के समक्ष पेश होकर जमानत कराने के एवज में रुपए लेने का आरोप समिति अध्यक्ष पर लगाया। एसपी के आदेश पर उसी दिन मामला भी दर्ज हो गया।

आरोप था कि उसके लड़के दीपक उर्फ चिमनी को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। समिति अध्यक्ष ने बीस लाख रुपए देने पर जमानत करवाने की बात कही। साढ़े पन्द्रह लाख रुपए उसे दे दिए। जमानत के बाद पता चला कि अन्य आरोपितों से केवल दो-दो लाख रुपए ही लिए थे।


जब दीपक ने पैसे वापस मांगे तो समिति अध्यक्ष ने जमानत खारिज कराने की धमकी दी और एक लाख रुपए और मांगे। इसके बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद आरोपित जगतार सिंह उर्फ प्रेम निवासी सुरेशिया ने रुपए मांगने की अर्जी न्यायालय में प्रस्तुत की। उसने एससी/एसटी अत्याचार निवारण कोर्ट के समक्ष अर्जी लगाकर आरोप लगाया है कि बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने उससे भी जमानत कराने के एवज में दस लाख रुपए मांगे थे।

लेकिन वह रुपए नहीं दे सका। मामले दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किए। समिति अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने उनके घर के आगे नोटिस भी चस्पा किए। बाद में मामले की जांच सुजानगढ़ एएसपी को सौंप दी गई।


दिल्ली से लाकर कराई वेश्यावृत्ति
सुरेशिया के वार्ड ४० से २८ मार्च २०१७ को बाल कल्याण समिति व जंक्शन पुलिस ने मंजू अग्रवाल के घर छापा मार नाबालिग को बरामद किया। वह दिल्ली से अगवा कर यहां एक लाख रुपए बेची गई थी। आरोपित मंजू व उसके गिरोह ने एक लाख में खरीद कर उससे जबरन वेश्यावृत्ति कराई।

उसके साथ मंजू के घर तथा होटलों में बलात्कार हुआ। इलाके के एक जने ने हिम्मत कर बाल कल्याण समिति को इसकी सूचना दी। इस पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद किया गया। पहले पुलिस ने यह कहकर एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया कि मामला पहले ही दिल्ली के अमन विहार थाने में दर्ज है।

लेकिन कानून में ऐसी कोई बाध्यता या व्यवस्था नहीं होने तथा जन समूह के दबाव के चलते पुलिस ने मंजू अग्रवाल सहित कई जनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में महिला थाने में पीडि़ता के पर्चा बयान पर मामला दर्ज किया। मंजू अग्रवाल, उसकी बहू सोनू, गोलू, निशा, जगतार सिंह उर्फ प्रेम, काला, गुरजंट सिंह, प्रताप सिंह, मुकेश कुमार, फौजी सहित कई के खिलाफ ३/४ पोक्सो एक्ट, आईपीसी की धारा ३७६ डी, ३७७, ३७० आदि में मामला दर्ज किया गया था।