7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बैंक लूटने वाले और मास्टरमाइंड आ चुके पकड़ में, अभी करोड़ों रुपए का सोना नहीं हो सका बरामद

हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से करोड़ों रुपए के सोने एवं नकदी लूट प्रकरण में पुलिस ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक जना बैंक में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने में शामिल था।

3 min read
Google source verification
बैंक लूटने वाले और मास्टरमाइंड आ चुके पकड़ में, अभी करोड़ों रुपए का सोना नहीं हो सका बरामद

बैंक लूटने वाले और मास्टरमाइंड आ चुके पकड़ में, अभी करोड़ों रुपए का सोना नहीं हो सका बरामद

बैंक लूटने वाले और मास्टरमाइंड आ चुके पकड़ में, अभी करोड़ों रुपए का सोना नहीं हो सका बरामद
- हनुमानगढ़ टाउन मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से करोड़ों रुपए का सोना व नकदी लूट के आरोप में दो जने और गिरफ्तार
- सहायक मैनेजर सहित अब तक पांच आ चुके पकड़ में
- बाइक पर बैठ निगरानी करने वाले की तलाश
हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से करोड़ों रुपए के सोने एवं नकदी लूट प्रकरण में पुलिस ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक जना बैंक में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने में शामिल था। वारदात के दौरान बैंक के बाहर निगरानी करने वाले तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। अब तक बैंक के सहायक मैनेजर सहित कुल पांच जनों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए तीन जनों को गिरफ्तार किया था।
टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि रविवार को आरोपी सोनू कुमार (21) पुत्र खेताराम निवासी बेहरवाला कलां नहर के पास ढाणी पीएस तलवाड़ा झील व डिप्टी उर्फ अनमोल (21) पुत्र हेतराम मेघवाल निवासी बेहरवाला खुर्द ऐलनाबाद हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को गिरफ्तार किए गए पवन जाट के साथ मिलकर सोनू ने ही बैंक में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। जबकि दूसरे आरोपी डिप्टी उर्फ अनमोल ने वारदात को अंजाम देने के लिए बैंक के पूर्व सहायक मैनेजर संजय शेखावत व मदन सोनी का पवन जाट, सोनू व भीम की गैंग से संपर्क कराया था। डिप्टी उर्फ अनमोल ने होटलों में रुककर वारदात से पहले रैकी की। इस मामले में हरियाणा के बेहरवाला खुर्द निवासी भीम नामक आरोपी की गिरफ्तारी शेष है। भीम वारदात के समय बैंक शाखा के पास बाइक पर बैठा था। वारदात के बाद भीम ही पवन जाट व सोनू को बाइक पर बैठाकर ले गया था। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में दबिश दी जा रही है।
सभी आरोपी 26 तक रिमांड पर
पुलिस ने वारदात के साजिशकर्ता बैंक के पूर्व सहायक मैनेजर संजय सिंह (26) पुत्र सायर सिंह शेखावत निवासी जालपाली श्रीमाधोपुर सीकर हाल जंक्शन व मदन सोनी पुत्र रामकिशन सोनी निवासी वार्ड 8, थेहड़ी नाथान, टाउन, लूट को अंजाम देने वाले पवन (22) पुत्र सुभाष जाट निवासी चक ढाणी निरवाल रावतसर व सोनू कुमार तथा डिप्टी उर्फ अनमोल को रविवार को कोर्ट में पेश किया। पांचों आरोपियों का 26 मार्च तक का रिमांड मंजूर करवाया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से लूटे गए सोने एवं रकम की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
क्या था मामला
टाउन में 15 मार्च दोपहर को दो अज्ञात जनों ने मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में घुसकर बैंक कर्मचारियों को गन प्वॉइंट पर ले लिया। फिर बैंक कर्मचारी से लॉकर खुलवा कर उसमें रखी नकदी तथा सोना साथ लाए बैग में डाल लिया। चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश बैंक के बाहर पहले से खड़े साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए। अज्ञात लुटेरे बैंक कर्मचारियों के दो मोबाइल फोन भी साथ ले गए। इस संबंध में ब्रांच मैनेजर भावना पुत्री मूलचन्द मेघवाल निवासी वार्ड 13, रायसिंहनगर, श्रीगंगानगर ने बैंक की सेफ से 6 किलो 136.87 ग्राम वजनी सोने के 290 पैकेट व 1 लाख 7951 रुपए लूटकर ले जाने के आरोप में टाउन थाने में 16 मार्च को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट का पांच दिन में खुलासा करते हुए शनिवार को तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि यह लूट बैंक शाखा के पूर्व सहायक मैनेजर संजय सिंह ने ही गैंग के जरिए करवाई थी। अपने कार्यकाल में फर्जी लोन आदि की गड़बड़ी छिपाने के लिए उसने वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में दोनों मुख्य साजिशकर्ताओं संजय शेखावत व मदन सोनी सहित बैंक शाखा में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले पवन को गिरफ्तार किया।