ग्लूकोज पाउडर व कैमिकल से नकली दूध बना धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपित को रावतसर पुलिस ने फिर से रिमांड मंजूर कराया है। क्योंकि अब पुलिस नकली दूध बनाने के बाद उसकी बिक्री के ठिकानों की पड़ताल कर रही है। इसमें कई पर शिकंजा कसा जा सकता है। आरोपितको सोमवार को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मंजूर करवाया है। पुलिस आरोपित ईश्वर गांधी पुत्र ताराचंद गांधी निवासी रावतसर से नकली दूध बनाने के कारोबार के संबंध में विस्तृत पूछताछ में जुटी है। पूर्व में रिमांड अवधि के दौरान आरोपित से पुलिस कुछ खास बातें नहीं उगलवा पाई। ऐसे में और जानकारी जुटाने के लिए उसका दोबारा रिमांड मंजूर करवाया गया है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक मोहनलाल ने बताया कि आरोपित से नकली दूध की सप्लाई देने वाली जगहों के बारे में पूछताछ की जा रही है।