
खुले चैम्बर में गिरने से बालक की मौत
जंक्शन में दुर्गा मंदिर के पास स्थित पार्क की घटना
जलदाय विभाग के प्रति नागरिकों में आक्रोश
हनुमानगढ़. जंक्शन में दुर्गा मंदिर कॉम्पलेक्स के पास स्थित एक पार्क में बुधवार दोपहर को एक तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर १३ स्थित भगवान श्री परशुराम वाटिका में जलदाय टंकी के वॉल के लिए बना चैम्बर खुला था। पार्क में बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान आलिम (३) पुत्र राशिद मोहम्मद खुले चैम्बर में गिर गया। पास में खेल रहे बच्चों ने खूब शोर मचाया, लेकिन बालक को नहीं बचाया जा सका। आखिरकार पार्क में खेल रहे बालकों एवं मां ने ही आलम का शव बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे पास के अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को बिलखते देख, मौजूद लोगों का कलेजा पसीज गया।
घटना की जानकारी मिलने पर जंक्शन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र झाझडिय़ा, एएसआई गिरधारीलाल, रामेश्वर लाल सिंवर, हैड कांस्टेबल इकबाल पठान, मनीष बिश्नोई सहित पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई में जुट गया। लेकिन परिजनों ने किसी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक बालक आलिम (०३) के पिता राशिद जंक्शन में सब्जी की रेहड़ी चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। दिवाली की छुट्टी पर पूरा परिवार गुरुवार को यूपी जाने वाला था। इस दौरान अचानक बुधवार को आलम की मौत ने परिवार को सदमे में डाल दिया। पुलिस के अनुसार परिजन शव का अंतिम संस्कार यूपी में जाकर ही करेंगे। घटना के बाद नागरिकों में जलदाय विभाग के प्रति आक्रोश फैल गया।
इन्होंने निकाला शव
मृतक आलिम के भाई सात वर्षीय साहिल ने बताया कि वह दोपहर करीब तीन बजे पार्क में खेल रहे थे, अचानक उसका भाई आलिम चैम्बर में गिर गया। खूब बचाने की कोशिश की लेकिन वह डूब गया। कुछ देर बाद जब शव पानी के ऊपर आ गया तो साहिल और उसके पड़ौसी एवं परिजनों ने आलिम का शव बाहर निकाला।
अब भी खतरा मौजूद
वार्डवासियों का आरोप है कि तीन दिन पहले पीएचईडी विभाग को समस्या से अवगत करवाकर दुर्गा कॉलोनी के वार्ड नंबर 13 में स्थित पार्क में बने जलदाय विभाग के वॉल चैम्बर को ढकने की मांग की गई थी। लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यदि विभाग गंभीर होता तो बच्चे की मौत नहीं होती। नागरिकों ने बुधवार की घटना के बाद इस मामले को लेकर कलक्टर से भी शिकायत की। वार्डवासियों का आरोप है कि पार्क में ही बिजली ट्रांसफार्मर की तारें खुली पड़ी है। इन तारों से कभी भी हादसे की आशंका रहती है।
Updated on:
01 Nov 2018 12:40 pm
Published on:
01 Nov 2018 12:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
