भाजपा के खाते में इजाफा
गुरुवार को हनुमानगढ़ जिला प्रमुख के संपन्न चुनाव में कांग्रेस की कविता को १९, बीजेपी की विमला को नौ वोट मिले। जबकि एक वोट को निरस्त किया गया। जिस वोट को निरस्त किया गया, संभवत: वह वोट कांग्रेस की प्रवीणा का माना जा रहा है। वहीं भाजपा को जिला परिषद चुनाव में आठ सीटें ही मिली थी। इस तरह वोटिंग के दौरान भाजपा के खाते में एक वोट का इजाफा कैसे हुआ, इसकी भी चर्चा रही। दूसरी तरफ कांग्रेस से पर्चा भरने को पहुंची जिला परिषद जोन नंबर बीस की सदस्य प्रवीणा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि वह कांग्रेस के साथ ही रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनके दादा ससुर भी कांग्रेस के प्रति समर्पित रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को १९, भाजपा को ८ व माकपा को २ सीटों पर जीत मिली है।