9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हनुमानगढ़ में चिरंजीवी का प्रमाण तभी मनरेगा में रोजगार, नए पखवाड़े में शुरू होने वाले कार्यों को लेकर नई रोजगार नीति जारी

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ पुरुषोत्तम झा. हनुमानगढ़. गांवों में मनरेगा में रोजगार मांगने वालों के लिए अब चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन को जरूरी कर दिया गया है। अगले पखवाड़े से मनरेगा में शुरू किए जाने वाले कार्यों को लेकर हाल ही में मुख्यालय ने नई रोजगार नीति जारी की है।  

3 min read
Google source verification
हनुमानगढ़ में चिरंजीवी का प्रमाण तभी मनरेगा में रोजगार, नए पखवाड़े में शुरू होने वाले कार्यों को लेकर नई रोजगार नीति जारी

हनुमानगढ़ में चिरंजीवी का प्रमाण तभी मनरेगा में रोजगार, नए पखवाड़े में शुरू होने वाले कार्यों को लेकर नई रोजगार नीति जारी

हनुमानगढ़ में चिरंजीवी का प्रमाण तभी मनरेगा में रोजगार, नए पखवाड़े में शुरू होने वाले कार्यों को लेकर नई रोजगार नीति जारी
-चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन करवाने वाले मजदूरों को अब मनरेगा में देंगे प्राथमिकता

हनुमानगढ़. गांवों में मनरेगा में रोजगार मांगने वालों के लिए अब चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन को जरूरी कर दिया गया है। अगले पखवाड़े से मनरेगा में शुरू किए जाने वाले कार्यों को लेकर हाल ही में मुख्यालय ने नई रोजगार नीति जारी की है। इसके तहत मनरेगा में अब उन मजदूरों को प्राथमिकता से रोजगार दिया जाएगा, जिन्होंने चिरंजीवी में पंजीयन करवा लिया है। इसके पीछे मकसद यह है कि अधिकाधिक मजदूर सरकार की इस अहम स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़ें। ताकि संकट के वक्त उनके परिवार को समय पर उपचार मिल सके।
जिला परिषद अधिकारियों के अनुसार लॉकडाउन के कारण पूर्व में बंद चल रहे मनरेगा कामों पर अब फिर से श्रमिकों का नियोजन शुरू कर दिया गया है। ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव की ओर से जारी निर्देश में बताया गया है कि धारा 144 तथा लॉक डाउन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की स्थिति बहाल रखने के लिए व्यक्तिगत लाभ के कामों पर अधिकतम दस श्रमिक तथा सामुदायिक कामों पर अधिकतम 20 श्रमिक नियोजित किए जा सकेंगे। ऐसे कार्यों पर हाजिरी लेने के लिए मेट की आवश्यकता नहीं होगी। ग्राम पंचायत के सचिव या सहायक ही श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कर दैनिक माप लेंगे। सभी विकास अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों के सचिवों को नई गाइड लाइन को लेकर पाबंद किया कर दिया है।
इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 50 व्यक्तिगत लाभ के कार्य जैसे जल संग्रहण के लिए कुंड, नहर के खाले, पौधरोपण, कैटलशेड का निर्माण आदि कार्य स्वीकृत करवाकर तत्काल शुरू करने के लिए कहा है। साथ ही सामुदायिक कार्यों के रूप में पौधरोपण की तैयारी वाले कामों पर ही श्रमिक लगाने को लेकर पाबंद किया गया है। एक साथ काम मांगने वालों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रथम दौर में केवल बीपीएल, दिव्यांग, अनुसूचित जाति श्रेणी के जॉबकार्ड धारकों को ही सामुदायिक कार्यों पर लगाया जाएगा। साथ ही जिन परिवारों ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकरण करवा लिया है, उन्हें नियोजन में प्राथमिकता दी जाएगी।

जिले पर नजर
जिले में मनरेगा में कुल तीन लाख जॉबकार्ड पंजीकृत हैं। वर्तमान में एक लाख सक्रिय जॉबकार्ड धारक परिवार हैं। इनमें गत वर्ष 43 हजार परिवारों ने वर्ष में 100 दिन काम किया था। मनरेगा के रोजगार पर आश्रित ऐसे परिवारों को कोरोना काल में प्राथमिकता से रोजगार देने के निर्देश जिला स्तर से जारी किए गए हैं। नई रोजगार नीति के अनुसार अब एक कार्यस्थल पर एक साथ बीस से अधिक श्रमिक नियोजन पर रोक के कारण मेटों की आवश्यकता भी नहीं रहेगी।

चल रहे थे २९७ कार्य
मनरेगा के तहत जिले में पिछले दिनों जब सरकार की ओर से रोक लगाई गई थी, उस समय करीब २९७ कार्य चल रहे थे। इसमें सामुदायिक कार्य भी शामिल थे। अब एक जून से नया पखवाड़ा शुरू किया गया है। इसमें मनरेगा मजदूरों को रोजगार देने के लिए नई रोजगार नीति जारी की गई है। इसमें कुछ नियमों के दायरे में रहकर ही गांवों में मनरेगा कार्य संचालित करने की स्वीकृति दी गई है।

चिंरजीवी की स्थिति
हनुमानगढ़ जिले में चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अभी तक ९० हजार सामान्य कैटगिरी के परिवार पंजीकृत हो गए हैं। जबकि बीपीएल व खाद्य सुरक्षा में चयनित परिवारों के सरकार स्तर पर स्वत: ही पंजीयन करवाए गए हैं। जिले में ९० हजार वह परिवार हैं, जिन्होंने ८५० रुपए का प्रीमियम देने की एवज में पंजीकरण करवाया है। पंजीयन की अंतिम तिथि ३० मई निर्धारित की गई है। ज्यादा से ज्यादा परिवार इस बीमा योजना में पंजीकृत हो सकें, इसके लिए मनरेगा में भी इस तरह के नवाचार किए जा रहेे हैं।

......फैक्ट फाइल.....
-जिले में मनरेगा में दैनिक मजदूरी २२० रुपए निर्धारित है।
-जिले में अभी तक ९० हजार सामान्य कैटगिरी के परिवारों ने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन करवाया है।
- गत वर्ष जिले में ४३ हजार परिवारों ने मनरेगा में १०० दिन पूरे किए थे।
-मनरेगा में नई रोजगार नीति के तहत अब व्यक्तिगत लाभ के कामों पर अधिकतम दस व सामुदायिक कार्यों पर 20 श्रमिक नियोजित किए जा सकेंगे।

.......वर्जन....
नई रोजगार नीति के तहत होंगे कार्य
मनरेगा में नए पखवाड़े से काम शुरू करने को लेकर नई रोजगार नीति जारी की गई है। इसमें रोजगार देने का जो क्राइट एरिया निर्धारित किया गया है, उसमें चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना में पंजीकृत मजदूरों को प्राथमिकता से रोजगार देंगे। साथ ही मेटों की जरूरत भी इन कार्यों में नहीं रहेगी।
-रामनिवास जाट, सीईओ, जिला परिषद, हनुमानगढ़