
हनुमानगढ़: मंडियों में अब मच्छर नहीं उड़ाएंगे धरतीपुत्रों की नींद, नौ मंडियों में 18 लाख की लागत से खरीदी जाएगी फोगिंग मशीन
हनुमानगढ़: मंडियों में अब मच्छर नहीं उड़ाएंगे धरतीपुत्रों की नींद, नौ मंडियों में 18 लाख की लागत से खरीदी जाएगी फोगिंग मशीन
-फसल बेचने को आने वाले किसानों की नींद में नहीं पड़ेगी खलल
पुरुषोत्तम झा. हनुमानगढ़. मंडियों में फसल बेचने के लिए आने वाले धरतीपुत्रों की नींद अब मच्छर नहीं उड़ा सकेंगे। क्योंकि मच्छरों से निपटने के लिए मंडी स्तर पर अब जल्द फोगिंग मशीनों की खरीद की जाएगी। कृषि विपणन कार्यालय हनुमानगढ़ के अधीन सभी नौ मंडियों में फोगिंग मशीन खरीदने के लिए १८ लाख रुपए का बजट स्वीकृत कर दिया गया है। प्रति मंडी दो लाख रुपए का बजट मंजूर होने के बाद इससे सभी मंडी समिति सचिव को अवगत करवा दिया गया है।
जल्द मशीनों की खरीद प्रक्रिया पूर्ण कर मंडियों को मशीन आवंटित कर दी जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन मंडियों में फोगिंग करवाने पर किसानों को मच्छरों की समस्या से निजात मिल सकेगी। वर्तमान में स्थिति यह है कि फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को तीन से चार दिन तक मंडी में रुकना पड़ता है। ऐसे में उन्हें किसान कलेवा के तहत भोजन तो मंडी में ही मिल जाता है। लेकिन रात को सोते वक्त मच्छर किसानों की नींद में खलल पैदा करते हैं। इस समस्या को देखते हुए कृषि उपज मंडियों में फोगिंग मशीन खरीदने को लेकर बजट जारी किया गया है।
इन मंडियों में होगी खरीद
कृषि विपणन कार्यालय हनुमानगढ़ के अधीन हनुमानगढ़, जंक्शन, टाउन, नोहर, भादरा, रावतसर, पीलीबंगा, संगरिया आदि मंडियों में फोगिंग मशीनों की खरीद की जाएगी। इसे लेकर मंडियों को बजट आवंटन कर दिया गया है।
कहां कितने किसान
प्रदेश में गेहूं का सर्वाधिक उत्पादन हनुमानगढ़ जिले में ही होता है। जिले में चालू रबी सीजन में कुल १६२००० किसानों ने गेहूं की बिजाई की है। इसमें करीब दो लाख 63 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती की गई है। कृषि अधिकारियों के अनुसार चालू रबी सीजन में करीब तेरह लाख मैट्रिक टन गेहूं उत्पादन का अनुमान है। इसके अलावा हजारों किसान सरसों, चना आदि की खेती भी करते हैं।
फायर सिस्टम की दरकार
मंडियों में होने वाली आगजनी की घटना की रोकथाम को लेकर भी मंडी समिति स्तर पर प्रयास जारी है। इसे लेकर प्रत्येक मंडी में नगर परिषद से समन्वय करवाकर फायर बिग्रेड की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आग पर काबू पाने के लिए टैंकर संचालकों से भी अनुबंध करने की तैयारी चल रही है। जिससे आगजनी की घटना होने पर तत्काल उस पर नियंत्रण किया जा सके।
.......फैक्ट फाइल....
-प्रदेश में हनुमानगढ़ जिले में होती है गेहूं की सर्वाधिक सरकारी खरीद।
-हनुमानगढ़ जिले में गेहूं उत्पादक किसानों की कुल संख्या १६२००० है।
-हनुमानगढ़ कार्यालय के अधीन सभी नौ मंडियों में फोगिंग मशीन की खरीद के लिए दो-दो लाख का बजट जारी किया गया है।
-चालू रबी सीजन में जिले में १६ केंद्रों पर होगी गेहूं की सरकारी खरीद।
......वर्जन....
जल्द करेंगे खरीद
फोगिंग मशीन की खरीद के लिए बजट मिल गया है। जल्द मशीन की खरीद प्रक्रिया पूर्ण कर लेंगे। इसके बाद फसल बेचने के लिए मंडी में आने वाले किसानों को मच्छरों की समस्या से निजात मिल सकेगी।
-सीएल वर्मा, सचिव, मंडी समिति हनुमानगढ़
Published on:
25 Mar 2021 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
