8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘गोलियां तो जिस्म पर लगी पिताजी, आपकी रूह मुझमें जिंदा’

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

3 min read
Google source verification
social media

‘गोलियां तो जिस्म पर लगी पिताजी, आपकी रूह मुझमें जिंदा’

रावतसर नगरपालिका अध्यक्ष नीलम सहारण के पति एवं पार्षद हरवीर सहारण हत्याकांड

हनुमानगढ़. हरवीर सहारण की हत्या व आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी से रावतसर में जाहिर तौर पर तो शांति दिखाई दे रही है। मगर गुस्से की आग सतह के नीचे धधक रही है। बदले की चिंगारी बुझती नजर नहीं आ रही। इसका अंदाजा मृतक के पुत्र हनुमंत सहारण की फेसबुक वॉल पर पोस्ट किए गए स्टेट्स से लगाया जा सकता है।

उसने वारदात के अगले दिन खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल की पोस्ट शेयर करते हुए अंतिम दर्शनों के लिए रखे गए हरवीर सहारण की पार्थिव देह का फोटो शेयर किया। इसके ऊपर उसने लिखा कि गोलियां तो जिस्म पर लगी हैं पिताजी, आपकी रूह तो मुझमें अब भी जिंदा है। हनुमंत सहारण की इस पोस्ट को कई जनों ने शेयर किया है।

इस पोस्ट पर कमेंट कर हरवीर समर्थक व अन्य परिवार के प्रति संवदेना जता रहे हैं। हालांकि यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि हनुमंत सहारण के नाम से बनाई गई फेसबुक आईडी स्वयं हनुमंत ही संचालित कर रहे हैं या कोई और।

पुलिस साजिश रचने वाले हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष महेन्द्र पूनिया तथा शूटर रामनिवास महला सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। मगर घटना को लेकर मृतक के परिजनों व समर्थकों में अब भी भारी गुस्सा है। ऐसे में रावतसर में भूखंडों को लेकर विवाद, मामला दर्ज कराने, थप्पड़ मारने और फिर हत्या कराने की घटना के बाद यह सिलसिला रुकता नजर नहीं आता। पुलिस को भी आशंका है कि स्थिति कभी भी बिगड़ सकती है। यही कारण है कि रावतसर थाने में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस के अलावा सात आरएसी जवान तैनात किए गए हैं।

कार्य स्थगन समाप्त
रावतसर. एसडीएम कार्यालय में हरवीर सहारण की हत्या के विरोध में चल रहा समस्त अधिवक्ता, स्टाम्प वेण्डर व अरायजनवीसों का कार्य स्थगन गुरुवार को समाप्त कर दिया गया। बार संघ की अध्यक्ष सुनील धारीवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें बताया गया कि बार संघ की मांग पर पुलिस प्रशासन ने रावतसर स्थित समस्त न्यायालयों में दो-दो हथियारबंद सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। अपनी मांग पूरी होने पर बार संघ ने कार्य स्थगन का निर्णय वापस ले लिया।

कौन है शूटर उपलब्ध कराने वाला अजीत
जानकारी के अनुसार रामनिवास महला कई दिनों तक अजीत सिंह नाम के बंदी के साथ बीकानेर जेल में रहा था। अजीत सिंह हत्या के मामले में जेल बंद है। वह झुंझुंनू जिले के बुहाना बड़बर इलाके का है। बीकानेर जेल में ही हरवीर की हत्या का प्लान आगे बढ़ा। क्योंकि पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि रामनिवास महला के साथ जो हरियाणा के शूटर थे वो अजीत सिंह ने ही उपलब्ध कराए थे। अब पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पड़ताल आगे बढ़ाएगी।

बीकानेर जेल में बंद कैदी ने शूटर उपलब्ध कराने में दिया सहयोग
प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी पुलिस
पूनिया के सहयोगी मील का सात दिन का रिमांड मंजूर
रावतसर. नगर पालिका अध्यक्ष के पति व पार्षद हरवीर सहारण की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित रामचंद्र मील को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। उसका सात दिन का रिमांड मंजूर कराया गया। हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक संचालक मंडल सदस्य मील को अब तीन अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एएसपी नरेन्द्र मीणा ने बताया कि हत्याकांड की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है। इसमें संलिप्तों की गिरफ्तारियां की जा रही है। हत्याकांड में शामिल हरियाणा के शूटर की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है। उसकी गिरफ्तारी जल्दी कर लेंगे। हत्याकांड के लिए शूटर उपलब्ध कराने के लिए बीकानेर जेल में बंद अजीत सिंह को भी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर यहां लाया जाएगा। उससे मामले को लेकर कड़ी पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।