
संक्रमण को दरकिनार आज फिर टिब्बी में एकत्र होंगे सैकड़ों लोग
संक्रमण को दरकिनार आज फिर टिब्बी में एकत्र होंगे सैकड़ों लोग
- अब तक नहीं पोस्टमार्टम, मनाने में जुटे अधिकारी
- महिला की हत्या मामले में थाने के समक्ष दो दिन से धरना-प्रदर्शन
- कई बार हो चुकी वार्ता, नहीं चढ़ी सिरे
- तीसरे दिन फिर देंगे धरना
हनुमानगढ़/टिब्बी. टिब्बी के वार्ड 16 में महिला की हत्या को लेकर चल रहे आंदोलन का अब तक पटाक्षेप नहीं हो सका है। कोरोना संक्रमण तथा गाइडलाइन को दरकिनार कर शुक्रवार को फिर सैकड़ों लोग थाने के समक्ष धरना-प्रदर्शन के लिए एकत्र होंगे। इससे पहले गुरुवार को दूसरे दिन भी ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहा। इसके तहत मृतका के परिजनों व ग्रामीणों ने गुरुवार को स्थानीय पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार सुबह मृतका के घर के पास बड़ी तादाद में ग्रामीण एकत्र हुए। बाद में ग्रामीण वामपंथी संगठनों के पदाधिकारियों के निर्देशन में रोष मार्च निकालते हुए पुलिस थाने के समक्ष पहुंचे तथा प्रदर्शन किया।
इस दौरान पुलिस थाने के समक्ष आयोजित सभा में वामपंथी संगठनों के पदाधिकारियों ने महिला की मौत पर पुलिस के खिलाफ रोष जताते हुए मृतका के परिवार को मुआवजा देने व दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने बलवीर कौर के साथ मारपीट की। इससे उसकी मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी।
नहीं बनी सहमती
पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों से थाने में वार्ता की। इसमें प्रदर्शनकारियों की ओर से रघुवीर वर्मा, जगजीतसिंह जग्गी, शेर सिंह आदि शामिल हुए। वार्ता में प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, मृतका के परिवार को मुआवजा देने, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने सहित पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। लेकिन वार्ता में सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को फिर से पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन की घोषणा कर दी। वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस, रणवीर सिंह, पुलिस उप अधीक्षक संगरिया दिनेश राजौरा, डीएसपी नोहर राजेन्द्र सिंह, सीआई दिनेश सहारण, सीआई रणवीर सांई आदि मौजूद रहे।
क्या था मामला
स्थानीय पुलिस को मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि कस्बे के वार्ड 16 में युवकों के दो गुट झगड़ा कर रहे हैं। दो गुटों के झगड़े की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इस दौरान महिला बलवीर कौर (60) पत्नी दलीप सिंह घायल हो गई। उसे बाद में टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। वहां से उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। हनुमानगढ़ जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की पिटाई से महिला की मौत हुई है। हालांकि महिला की मौत के बाद चल रहे आंदोलन के बीच गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ है। एक मिनट के इस वायरल वीडियों में कुछ लड़के पुलिस जीप पर पत्थर फेंकते दिख रहे हंै।
पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन गुरुवार को टिब्बी थाने पहुंची। पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार शाम को दो गुटों के झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान धक्कामुक्की व पत्थरबाजी में महिला बलवीर कौर की मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मृतका के परिजनों व अन्य ग्रामीणों से वार्ता कर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास कर रही है।
Published on:
21 May 2021 09:11 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
