आधार नहीं तो रसोई गैस सिलेंडर में दिक्कत, इधर बायोमैट्रिक्स सत्यापन में बुजुर्गों का नहीं आ रहा अंगूठा
-रसोई गैस सिलेंडर धारक को अब ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य
हनुमानगढ़. जिले में वृद्धावस्था व विकलांगता पेंशन को लेकर अजीब स्थिति बनी हुई है। कुछ लाभर्थी के आठ महीने से पेंशन बकाया चल रही है। भौतिक सत्यापन के लिए एसडीएम कार्यालय पहुंच रहे बुजुर्गों के आधार सत्यापन नहीं हो पा रहे हैं। इस वजह से उनकी पेंशन अटकी हुई है। वहीं रसोई गैस सिलेंडर धारक के लिए अब ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए यह खबर जानना जरूरी है। अगर आपको भी गैस पर सब्सिडी मिलती है और आप चाहते हैं कि ये निरंतर मिलती रहे तो जल्द ही ई-केवाईसी करवानी होगी। आधार कार्ड और बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी की जाएगी। रसोई गैस की सब्सिडी प्राप्त करने के लिए अब ई-केवाईसी को जरूरी कर दिया गया है। इसके लिए सभी गैस उपभोक्ताओं को अपनी गैस सिलेंडर की आपूर्ति से संबंधित एजेंसी में ई-केवाईसी करवाने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा उनकी सब्सिडी बंद हो सकती है। भारत सरकार के तेल और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इसको लेकर निर्देश जारी किए हैं।