
हनुमानगढ़ में कई कलक्टर आए और चले गए, शहर की बदबूदार आबोहवा को नहीं कर पाए ठीक
हनुमानगढ़ में कई कलक्टर आए और चले गए, शहर की बदबूदार आबोहवा को नहीं कर पाए ठीक
-नए कलक्टर नथमल डिडेल ने प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की चेतावनी दी
हनुमानगढ़. जिला मुख्यालय पर रीको क्षेत्र में स्थित जिन फैक्ट्रियां में ईटीपी नहीं बना हुआ है और जो बिना ट्रीट किए दूषित पानी बाहर छोड़ रहे हैं। उनके खिलाफ अब जिला प्रशासन सख्ती से निपटने की तैयारी में है। कलक्टर नथमल डिडेल ने हाल ही में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर ऐसे फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ रीको के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश भी दिए हैं कि अगली बैठक में बीकानेर से प्रदूषण नियंत्रण के अधिकारियों को भी आवश्यक रूप से बुलाया जाए। एनजीटी के जो निर्देश हैं उनको हर हाल में लागू करने को लेकर कलक्टर ने अधिकारियों को पाबंद किया है। इसके अलावा पर्यावरण की फिक्र करते हुए कलक्टर ने जिले भर में खेत में आग लगाने वालों के खिलाफ भी सभी तहसीलदारों और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी कृषि पर्यवेक्षकों के जरिए आग लगाने वाले खेतों के मालिकों की पहचना कर उन पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई करें।
खतरनाक रसायन मौजूद
जंक्शन रीको क्षेत्र में करीब डेढ़ सौ फैक्ट्रियां चल रही है। इनसे प्रतिदिन हजारों लीटर अपशिष्ट निकल रहा है। वैज्ञानिकों की मानें तो इनमें कार्बन और अकार्बन सहित अन्य खतरनाक रसायन मौजूद हैं। जो सेहत के लिए खतरनाक हैं। रीको के आसपास खुंजा, हाउसिंग बोर्ड, सिविल लाइन, मंडी सहित आदि क्षेत्रों में हजारों लोग निवास कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि हवा चलते ही शहर की आबोहवा प्रदूषित होने लगती है।
यह अधिकारी रहे मौजूद
पर्यावरण सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर हुई जिला स्तरीय बैठक में कई अधिकारी मौजूद रहे। इनमें सीईओ जिला परिषद रामनिवास जाट, डीआईजी स्टांप कैलाशचंद शर्मा, एडीश्नल एसपी जस्साराम बोस, एसीईओ अवि गर्ग, एसडीएम कपिल यादव, डीएसओ राकेश न्यौल, डीटीओ जगदीश अमरावत, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, डीपीएम श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ साजिया तब्बसुम, कृषि विभाग के उपनिदेशक दाना राम गोदारा, डीएफओ करण सिंह काजला, एसई बिजली मांगेराम बिश्नोई, एसई पीडब्ल्यूडी गुरनाम सिंह, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक आकाशदीप सिद्दू, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा आदि मौजूद रहे।
वन विभाग प्रत्येक परिवार को देगा आठ औषधिए पौधे
पर्यावरण संरक्षण तथा लोगों की सेहत का ख्याल रखते हुए अब जिले में प्रत्येक परिवार को औषधिए पौधे वितरित करने की प्लानिंग की गई है। डीएफओ के अनुसार जिले की 16 नर्सरियों में चार किस्म के औषधिए पौधे तैयार किए जा रहे हैं। संभवत 15 जुलाई से प्रत्येक परिवार को चार किस्म के औषधिए पौधे तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा बांटे जाएंगे। इसको लेकर जिले में वन विभाग की सभी 16 नर्सरियों में पूरी तैयारी कर रखी है। इसको लेकर टास्क फोर्स की बैठक जल्द आयोजित करने के जिला कलक्टर ने निर्देश दिए हैं। डीएफओ ने पल्लू नर्सरी में आपणी योजना के जरिए पानी का कनेक्शन लेने की मांग रखी। जिला कलक्टर ने इस बाबत पत्र लिखने को कहा।
.......पत्रिका व्यू......
वातावरण बना रहा बदबूदार
जंक्शन के रीको क्षेत्र में फैक्ट्रियों का प्रदूषित पानी नहर किनारे जमा हो रहा है। ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण नहीं होने से यह प्रदूषित पानी शहर के वातावरण को बदबूदार बना रहा है। ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण को लेकर उद्योगपतियों से जुड़ी कंपनी भी गत दिनों बना ली गई थी। लेकिन बाद में तत्कालीन अधिकारियों की लापरवाही के चलते आगे का काम अटक गया। अब नए कलक्टर ने जिस तरह से पर्यावरण के मुद्दे पर गंभीरता दिखाई है, उससे शहर के लोगों में नई उम्मीद जगी है। बिना किसी दबाव में आए कलक्टर यदि इस मामले में कार्रवाई करेंगे तो निश्चित तौर पर भविष्य में शहर की आबोहवा स्वच्छ हो सकेगी।
Published on:
27 May 2021 07:53 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
