6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रभारी मंत्री ने गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां, ईशारों में केंद्र पर साधा निशाना

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में रविवार को जिले में कई आयोजन हुए। इसमें प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने राज्य सरकार की ओर से दो वर्ष में किए गए कार्यों से संबंधित उपलब्धियां बताई। वहीं ईशारों ही ईशारों में केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा।  

3 min read
Google source verification
मंत्री ने गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां, ईशारों में केंद्र पर साधा निशाना

मंत्री ने गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां, ईशारों में केंद्र पर साधा निशाना

मंत्री ने गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां, ईशारों में केंद्र पर साधा निशाना
-राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में जिले में कई आयोजन

हनुमानगढ़. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में रविवार को जिले में कई आयोजन हुए। इसमें प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने राज्य सरकार की ओर से दो वर्ष में किए गए कार्यों से संबंधित उपलब्धियां बताई। वहीं ईशारों ही ईशारों में केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा। इस मौके पर मंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्ध्यिों को लेकर प्रकाशित जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन करने के साथ ही जिला पुलिस के आपरेशन संजीवनी अभियान के प्रचार रथ को भी रवाना किया। प्रभारी मंत्री बीडी कल्ला ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधयों की भी बैठक ली। इसमें नोहर विधायक अमित चाचाण ने टेल के किसानों को नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग रखी। मंत्री ने कहा कि इसके लिए नहरों पर पेट्रोलिंग व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। जल संसाधन विभाग से समन्वय बनाकर नहरी पानी चोरी रोकथाम को लेकर अलग से पुलिस थाना बनाने के प्रयास भी किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि जल्द राजस्थान को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा हब बना रहे हैं। पर्यटन की दृष्टि से कुछ शहरों को ग्रीन सिटी के तौर पर विकसित कर रहे हैं। मंत्री ने केंद्र सरकार की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वर्ष २०१३ से पहले पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में केंद्र सरकार ९० प्रतिशत तक अनुदान देती थी। लेकिन अब इसे घटाकर पचास प्रतिशत कर दिया है। इससे सर्वाधिक क्षेत्रफल वाले राज्य राजस्थान में काफी पेयजल योजनाएं प्रभावित हो रही है। मंत्री कल्ला ने कहा कि केंद्र में मंत्री भी राजस्थान के हैं। ऐसे में उनको भी अपने राज्य के विकास को लेकर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही कहा कि पहले योजना आयोग राज्य की जरूरतों के हिसाब से शिक्षा, पेयजल, रोजगार सहित अन्य प्राथमिकताएं तय करके राज्यों के विकास का प्लान बनाती थी। लेकिन अब नीति आयोग जो तय कर देता है, वही लागू हो जाता है। टाउन क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने के लिए पचास लाख की लागत से पेयजल योजना में ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की बात भी कही। नोहर विधायक, अमित चाचाण, हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, पूर्व जिला प्रमुख राजेंद्र मक्कासर, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष तरुण विजय, एडवोकेट मोहम्मद मुश्ताक जोइया, असलम टाक, अनिल खीचड़, कलक्टर जाकिर हुसैन, एसपी राशि डूडी, एसडीएम कपिल यादव, पीआरओ सुरेश बिश्नोई सहित अन्य मौजूद रहे। इससे पूर्व पीलीबंगा विधायक धर्मेद्र मोची ने पब्लिक से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की।

सहकारी स्पिनिंग मिल पर मंत्री का किनारा
हनुमानगढ़ में सहकारी स्पिनिंग मिल चलाने को लेकर मीडिया ने जब सवाल किया तो प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने स्थानीय विधायक चौधरी विनोद कुमार की तरफ इशारा करते हुए इस मामले से किनारा कर लिया। विधायक विनोद कुमार ने कहा कि एशिया में पहचान बनाने वाली हनुमानगढ़ की मिल को फेडरेशन से अलग करने को लेकर हमने उच्च स्तर पर चर्चा की है। कोरोना के कारण मामला ठंडे बस्ते में चला गया। हमारा प्रयास है कि इस मिल को एक बार जरूर चलाएंगे। बाद में यदि घाटा पड़ेगा तो आगे की सोचेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गत पांच वर्ष में एक ही काम किया था, वह काम हनुमानगढ़ की स्पिनिंग मिल को बंद करने का था।

चाचाण ने छोड़ी कुर्सी
कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री बीडी कल्ला जब मीडिया से रुबरु होने लगे तो नोहर विधायक अमित चाचाण ने अपनी कुर्सी छोड़ दी। उन्होंने हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद को मंत्री के बगल में बैठने को लेकर इशारा करते हुए खुद की कुर्सी छोड़ दी। विधायक विनोद कुमार ने एक बार इनकार किया। लेकिन अमित के आग्रह पर वह मंत्री के बगल वाली कुर्सी पर जाकर बैठ गए।

इस मामले में हमारा सौभाग्य
प्रभारी मंत्री कल्ला ने कहा कि जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द होने वाला है। राज्य में कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर जिलों में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से भी राज्य सरकार को प्रशंसा मिलने की बात कही। कल्ला ने कहा कि इस मामले में हमारे राज्य का सौभाग्य है कि लगभग सभी जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज तैयार होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज मामले में जमीन देने से लेकर अन्य सुविधाएं राज्य सरकार मुहैया करवा रही है।