
murder
जाखड़ांवाली निकटवर्ती चक 4 बीएचएम में पानी की बारी को लेकर हत्या मामले में मृतक का पुलिस की मौजूदगी में घटना के चार दिन बाद दाह संस्कार कराया गया। किसान पृथ्वीराज पटीर (५१) पुत्र मनफूलराम पटीर की १९ अक्टूबर की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जाखड़ांवाली कल्याण भूमि में दाह संस्कार के दौरान पुलिस जाब्ता तैनात रहा। मृतक का शव जब सुबह घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। इस दौरान रावसतसर डीएसपी दिनेश राजौरा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह मृतक के घर मौजूद रहे। दोपहर डेढ़ बजे दाह संस्कार होने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली। डीएसपी राजौरा ने शीघ्र कार्यवाही का भरोसा मृतक के भाई हरीराम को दिलाया।
उल्लेखनीय है कि चक चार बीएचएम में पानी की बारी को लेकर १९ अक्टूबर की शाम फायरिंग हो गई थी। इसमें पृथ्वीराज की मौत हो गई। पीलीबंगा पुलिस ने हत्या तथा हत्या के प्रयास के आरोप में 1५ जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें ११ जनों को नामजद किया गया। मृतक के भाई हरीराम पुत्र मनफूलराम मेघवाल ने पुलिस को बताया कि १९ अक्टूबर की देर शाम को कालूराम, भोजराज, विनोद पुत्र कृष्णलाल, पालाराम, अमरचन्द, चानणराम, सुशील, मनीराम, सुरेश, कृष्णलाल, हरचंद के अलावा 4-5 अन्य जने लाठी, डंडे, गंडासी, बंदूक व पिस्तौल लेकर खेत में घुसे और उन पर हमला कर दिया। कालूराम व भोजराज ने फायर किए। अन्य ने लाठियों व गंडासियों से हमला कर दिया। गोली लगने से पृथ्वीराज पटीर गंभीर जख्मी हो गया। वहीं कनीराम पटीर, थिराज व धन्नाराम भी छर्रे लगने व मारपीट में जख्मी हो गए। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पृथ्वीराज की मौत हो गई। शनिवार को मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे हत्या के आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी व चौकी प्रभारी को हटाने की मांग कर रहे थे। आखिरकार रविवार शाम वार्ता में सहमति बनने पर पोस्टमार्टम हो सका। जाखड़ांवाली चौकी प्रभारी को हटाने पर मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए मान गए।
मौत के बाद खुला रास्ता
मृतक के भाई पूर्णराम पटीर के खेत में एक बीघा में बंद रास्ता पीलीबंगा एसडीएम के फैसले की पालना में कार्यपालक तहसीलदार आदूराम मेघवाल की मौजूदगी में खुलवाया गया। किसान बनवारीलाल पटीर निशानदेही पर सहमति जताते हुए उस स्थान पर दीवार बनाने के लिए राजी हो गए। इस दौरान हलका गिरदावर हंसराज सिंवर, पटवारी रामकुमार मेघवाल, पटवारी जगतार सिंह, डीएसपी दिनेश राजोरा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
Updated on:
23 Oct 2018, 12:25 PM IST
Published on:
23 Oct 2018, 12:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.