
खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने में लोग खूब दिखा रहे उत्साह
खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने में लोग खूब दिखा रहे उत्साह
-प्रदेश में नौ लाख 30 हजार आवेदन मिले, तीस अप्रैल के बाद आवेदन नहीं होगा स्वीकार
-दस लाख नए परिवारों के नाम जोडऩे की पूरी होगी प्रक्रिया
हनुमानगढ़. लंबे समय बाद खाद्य सुरक्षा का पोर्टल खोलने के बाद लोगों को नए नाम जोडऩे की आस जगी थी। लेकिन कुछ बाध्यता की वजह से अभी तक एक भी नए नाम नहीं जुड़ पाए हैं। हनुमानगढ़ जिले की बात करें तो नए नाम जुड़वाने के लिए पोर्टल पर अब तक १५०४६ आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसमें एसडीएम कार्यालय भादरा में ३३०५, हनुमानगढ़ तहसील में २११८, नोहर में ५३११, पीलीबंगा में ९८८, रावतसर में १२३६, संगरिया में ७१२ व टिब्बी में १३७६ नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों की मानें तो अभी ३० अप्रैल तक केवल आवेदन लेने की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच के बाद नए नाम जोडऩे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिले में अब तक प्राप्त आवेदनों में ३३ निरस्त करने की सूचना भी है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट घोषणा २०२२-२३ में दस लाख नए परिवारों को जोडऩे की घोषणा की है। इसके तहत एक अप्रैल से पोर्टल को खोलकर नए आवेदन लेने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें २६ अप्रैल २०२२ तक नौ लाख ३० हजार नए आवेदन प्रदेश में प्राप्त हो चुके हैं। तीस अप्रैल के बाद आवेदन की प्रक्रिया बंद करने को लेकर सरकार ने निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं कुछ सामाजिक संगठनों की मांग है कि सरकार नाम जोडऩे की प्रक्रिया को सरल बनाकर जल्द से जल्द नए नाम जोडऩे की कार्रवाई करे। जिससे खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पात्र परिवारों को मिल सके।
.......वर्जन.....
पात्रों के जल्द जोड़ें नाम
खाद्य सुरक्षा योजना से कई पात्र परिवार वंचित हो रहे हैं। लंबे समय बाद खाद्य सुरक्षा पोर्टल को खोलकर नए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द पात्र परिवारों का नाम जोडऩे की प्रक्रिया पूर्ण करने की जरूरत है। ताकि इन परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
-मनोज बड़सीवाल, समाजसेवी, हनुमानगढ़
तीस तक केवल आवेदन
खाद्य सुरक्षा योजना में नए नाम जोडऩे को लेकर नए आवेदन ले रहे हैं। तीस अप्रेल तक पोर्टल पर केवल आवेदन लेने की व्यवस्था है। इसके बाद आवेदन पत्रों की जांच करके नए नाम जोडऩे की प्रक्रिया शुरू करेंगे। नियमानुसार नाम जोडऩे का कार्य पूर्ण करेंगे।
-अवि गर्ग, एसडीएम, हनुमानगढ़
आवेदन की तिथि बढ़ाने की रखी मांग
भादरा. मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को पार्षद हरिप्रकाश शर्मा ने ज्ञापन भेजकर कर खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र व्यक्तियों के आवेदन के लिए अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार राजस्थान सरकार के खाद्य सचिव ने 30 अप्रैल 2022 को आवेदन की अंतिम तिथि घोषित की है। इसे न्याय संगत नहीं बताया गया है। क्योंकि इस आवेदन फार्म में औपचारिकताएं बहुत हैं। स्वास्थ्य और सफाई निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार राजस्व, पटवारी एवं आय प्रमाण पत्र पर दो राजपत्रित अधिकारियों के हस्ताक्षर सहित लगभग एक दर्जन कागजात फार्म के साथ लगाने पड़ते हैं। इसमें बहुत ज्यादा समय लगता है। इसके साथ ही निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों में पुरुष अपने काम पर जाते हैं तो महिलाओं को इन फार्मो को पूरा कराने के लिए चक्कर पर चक्कर काटने पड़ते हैं। उनको अधिक जानकारी नहीं होती इसमें समय बहुत ज्यादा लगता है। वर्तमान में पोर्टल पर एक तिहाई से अधिक फार्म अपलोड नहीं हुए हैं क्योंकि उनके संपूर्ण कागजात अभी तक तैयार नहीं हुए हैं। अगर 30 अप्रैल को ही आवेदन फार्म की अंतिम तिथि मान ली जाती है तो यह प्रदेश वासियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय होगा। इसलिए मानवता के नाते राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में अंतिम तिथि को बढ़ाया जाए। इसकी घोषणा पहले ही कर दी जाए ताकि उस तिथि तक लोग अपने फार्म पूर्ण रूप से भरकर अपलोड करवा सकें।
Published on:
28 Apr 2022 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
