
हनुमानगढ़ प्रधान चुनाव में बगावत करने का उप प्रधान चुनाव में मिला तोहफा
हनुमानगढ़ प्रधान चुनाव में बगावत करने का उप प्रधान चुनाव में मिला तोहफा
- उप प्रधान बनी सावित्री देवी
- हनुमानगढ़ पंचायत समिति में दोनों ही पदों पर महिलाओं का कब्जा
- प्रधान चुनाव के दौरान नाराज प्रत्याशी को उप प्रधान का पद देकर मनाया
हनुमानगढ़. पंचायत समिति हनुमानगढ़ में प्रधान चुनाव के दौरान कांग्रेस से बगावत करने वाली सावित्री देवी ने शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में प्रधान पद पर जीत हासिल की। भाजपा ने उप प्रधान चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारा। कांग्रेस प्रत्याशी ने उनको नौ वोटों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री देवी को 16 वोट मिले। भाजपा के महावीर सिंह ने सात वोट हासिल किए। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। नियमों की अनदेखी, आचार संहिता के उल्लंघन वगैरह की कोई शिकायत प्रशासन को नहीं मिली।
प्रधान चुनाव में भाजपा ने अपने प्रत्याशी का नामांकन वापस लेकर कांग्रेस के बागी रणवीर भादू को समर्थन दे दिया था। भादू को नौ वोट मिले थे। अब उप प्रधान चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को सात वोट मिले। हनुमानगढ़ पंचायत समिति में दोनों ही पदों पर महिलाओं का कब्जा हो गया है। इंदिरा जाखड़ गुरुवार को प्रधान चुनी गई थी। गौरतलब है कि 23 सदस्यीय हनुमानगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस के सिम्बल पर चुनाव लडऩे वाले 17 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। भाजपा के चार प्रत्याशी जीते थे। जबकि दो अन्य उम्मीदवारों ने विजयश्री प्राप्त की थी।
हो गया था पर्चा खारिज
उप प्रधान चुनी गई सावित्री देवी ने गुरुवार को प्रधान चुनाव में बगावत का झंडा बुलंद करते हुए नामांकन जमा करवा दिया था। जबकि कांग्रेस ने प्रधान पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी इंदिरा जाखड़ को घोषित किया था। बाद में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रस्तावक नहीं होने आदि कमियों के चलते सावित्री देवी का पर्चा खारिज हो गया था। इसके बाद सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ गई। प्रधान चुनाव में मतदान के लिए वे सबसे आखिर में पहुंची। उस दौरान उनके हाथ में ड्रिप लगी हुई थी। वह परिजनों के संग वोट करने आई। हालांकि शुक्रवार को वे बिलकुल स्वस्थ दिखी।
कोहला में था विरोध
जानकारी के अनुसार जब सावित्री देवी को कांग्रेस ने प्रधान चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाया और उनका पर्चा खारिज हो गया था, कोहला गांव में विरोध शुरू हो गया। सावित्री देवी कोहला की निवासी हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान पहुंचे कोहला निवासी समर्थक इसे धोखा बता रहे थे।
संभाला कार्यभार
नव निर्वाचित प्रधान इंदिरा जाखड़ ने चुनाव के दूसरे दिन कार्यभार संभाल लिया। जबकि उनके साथ ही उप प्रधान सावित्री देवी ने भी पदभार ग्रहण किया। प्रधान व उप प्रधान ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस दौरान दयाराम जाखड़, अंकुश सहारण आदि मौजूद रहे।
Published on:
12 Dec 2020 10:42 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
