
सरपंचों को अब सिर छिपाने को मिलेगी जगह, हर ग्राम पंचायत को बीस-बीस लाख मिलेंगे
सरपंचों को अब सिर छिपाने को मिलेगी जगह, हर ग्राम पंचायत को बीस-बीस लाख मिलेंगे
-जिला परिषद की ओर से नव गठित ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण को लेकर बजट मंजूर
हनुमानगढ़. जिले में वर्ष २०१९ में 18 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया। ज्यादातर पंचायतों में चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। लेकिन करीब एक वर्ष से नव निर्वाचित सरपंच और अन्य वार्ड पंचों को सिर छिपाने व कामकाज संपादित करने के लिए कार्यालय नसीब नहीं हो रहा था।
परंतु अब जिला परिषद की ओर से सभी नव सृजित ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण को लेकर बीस-बीस लाख रुपए के बजट का प्रावधान कर दिया गया है। इसमें तीन लाख रुपए संबंधित ग्राम पंचायत मद से, सात लाख पंचायत समिति मद तथा दस लाख रुपए मनरेगा मद से स्वीकृत की गई है।
बजट स्वीकृति के साथ ही नव सृजित ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण को लेकर संबंधित ग्राम पंचायतों (जिनसे अलग होकर बनी है नई ग्राम पंचायतों) को नि:शुल्क भूमि आवंटित करने को लेकर भी निर्देशित कर दिया गया है।
इसमें करीब दस ग्राम पंचायतों को भवन निर्माण से पहले भूमि आवंटन की अनुमति भी प्रदान कर दी गई है। गौरतलब है कि पंचायत भवनों के निर्माण को लेकर मुख्यालय स्तर से लगातार पत्राचार जारी था। परंतु वहां से फूटी कौड़ी भी नहीं देने को लेकर स्थिति साफ कर दी गई।
इसके बाद अब पंद्रहवें वित्त आयोग के निर्धारित मापदंडों के अनुसार पंचायत भवनों के निर्माण की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। इसमें पचास प्रतिशत राशि केंद्रीय वित्त आयोग के माध्यम से तथा पचास प्रतिशत राशि मनरेगा फंड से खर्च करने का निर्णय लिया गया है।
इस बजट के लगने के बाद वित्त आयोग की दूसरी किश्त आने पर पंचायत भवनों के निर्माण के लिए और बजट भी जारी हो सकेगा। जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका ने पंचायत भवनों के निर्माण को लेकर सभी पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को सूचित कर दिया है। साथ ही निर्धारित अवधि मेें निर्माण कार्य पूर्ण करवाने को लेकर निर्देशित किया है।
ऐसे होंगे काम
ग्राम पंचायतों के भवनों का निर्माण ग्रामीण कार्य निर्देशिका २०२० के तहत पूर्ण किए जाएंगे। कार्य संपादन में विलंब होने पर तथा लागत में वृद्धि होने पर इसका जिम्मेदार कार्यकारी एजेंसी को माना जाएगा। सभी कार्य तकीनीकी स्वीकृति के अनुसार संपादित किए जाएंगे।
ग्राम पंचायतों पर नजर
हनुमानगढ़ जिले में पहले २५१ ग्राम पंचायतें थी। लेकिन वर्ष २०१९ में १८ नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया। इसके बाद से अब कुल ग्राम पंचायतों की संख्या २६९ हो गई है।
रिकॉर्ड भी नहीं मिल रहे
नव सृजित ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों का निर्वाचन हो गया है। लेकिन भवन नहीं होने के कारण उनके रिकॉर्ड भी अलग नहीं हो पा रहे। इससे संबंधित ग्राम पंचायतों में योजनाओं से संबंधित कामकाज भी प्रभावित हो रहे। अब बजट मंजूरी होने से भवन निर्माण के बाद नव गठित ग्राम पंचायतों का संचालन बेहतर तरीके से हो सकेगा।
Published on:
29 Jul 2020 09:49 am
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
