
शिक्षक सम्मेलनों में छाया रहा पुरानी पेंशन स्कीम और पारदर्शी तबादला नीति का मुद्दा
शिक्षक सम्मेलनों में छाया रहा पुरानी पेंशन स्कीम और पारदर्शी तबादला नीति का मुद्दा
- जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन सम्पन्न, कार्यकारिणी गठित
हनुमानगढ़. जिले भर में चल रहे विभिन्न शिक्षक संगठनों के जिला स्तरीय अधिवेशन मंगलवार को सम्पन्न हो गए। इनमें विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया। सम्मेलनों में मुख्य रूप से स्थाई एवं पारदर्शी तबादला नीति बनाने, पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने, शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने आदि मुद्दे छाए रहे। साथ ही शिक्षकों के समक्ष बढ़ती चुनौतियों आदि पर भी चर्चा की गई। सम्मेलन के आखिरी दिन जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
प्रधानाचार्यों की बढ़ती भूमिका एवं चुनौतियों पर मंथन
हनुमानगढ़. राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद (प्रधानाचार्य) का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन टाउन स्थित राउमावि फोर्ट में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में शैक्षणिक विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही वर्तमान परिवेश में प्रधानाचार्यों की बढ़ती भूमिका एवं चुनौतियों पर मंथन किया गया। संगठन के निवर्तमान जिलाध्यक्ष महावीर भाकर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद सर्वसम्मति से जिला इकाई का गठन किया गया। इसमें महावीर भाकर सभाध्यक्ष, जयपाल सिंह जिलाध्यक्ष, हरीश बेनीवाल जिला मंत्री तथा विराट तनेजा जिला कोषाध्यक्ष बनाए गए। साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए। अनुराधा हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष, रमाकांत टांटिया टिब्बी, भूपेन्द्र नरुका पीलीबंगा तथा गुरमीतसिंह ढाबा को संगरिया ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान चुनाव अधिकारी दुर्गादत्त सैनी, महिपाल गढ़वाल, सुरेन्द्रपाल गुप्ता, एसीबीईओ रोहिताश कड़वासरा व सीबीईओ सुखमहेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
योग्यता की बजाय राजनीतिक सिफारिशों के आधार पर चयन
हनुमानगढ़. राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ का दो दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन टाउन स्थित राउप्रावि संख्या एक में सम्पन्न हुआ। इसमें राय सिंह, सोम सैन, कालूराम, उदयसिंह बेनीवाल, संतलाल, नेतराम महिया, सुरजाराम बिश्नोई आदि ने शिक्षक एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में प्रधानाध्यापकों के पद समाप्त करने, योग्यता की बजाय राजनीतिक सिफारिशों के आधार पर चयन करने, पारदर्शी तबादला नीति बनाने आदि मुद्दे छाए रहे। संगठन के प्रवक्ता सूर्यप्रकाश जोशी ने बताया कि सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें हंसराज बिस्सु को पुन: जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा ओमप्रकाश कालवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सोम सेन मंत्री, पवन सोनी कोषाध्यक्ष, बलजीत सिंह संयुक्त सचिव और गीता को महिला मंत्री नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में तरूण पिलानिया, सतीश सैनी, बलवंतराम, रूपराम टाक, बिहारीलाल, महेन्द्र वर्मा, धर्मपाल सुंडा, राजेश स्वामी, मंगल सिंह, लाधुराम बिजारणिया को शामिल किया गया।
प्रत्येक विद्यालय में स्वीकृत हो शारीरिक शिक्षक के पद
रावतसर. गांव बुधवालिया के रामावि में चल रहा शारीरिक शिक्षकों का दो दिवसीय जिला स्तरीय अधिवेशन मंगलवार को सम्पन्न हो गया। इसकी अध्यक्षता जयनारायण जोड़ा ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पीलीबंगा विधायक धर्मेन्द्र मोची तथा पीसीसी सदस्य विनोद गोठवाल, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, पूर्णराम देवी, सरपंच पुष्पा परिहार, भामाशाह रामप्रताप पिलानिया व आत्माराम बेनीवाल बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान ओमप्रकाश गोदारा व श्रवण कुमार बिश्नोई की देखरेख में जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। इसमें जनक सिंह को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। जिलामंत्री बालुराम सिहाग व कोषाध्यक्ष के रूप में विनीता को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसमें जिलाध्यक्ष जनक सिंह ने शारीरिक शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के पद स्वीकृत किया जाए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में खेल मैदान विकसित किया जाए तथा शारीरिक शिक्षकों को अन्य कार्यों से मुक्त रखा जाए। विधायक धर्मेन्द्र मोची व पीसीसी सदस्य विनोद गोठवाल ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मंच संचालन कासम अली ने किया।
खुले अधिवेशन में शिक्षक समस्याओं के लिए एक मंच पर जुटने की अपील
नोहर. राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील का यहां राजकीय उमावि में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन मंगलवार को महासमिति खुला अधिवेशन के साथ हुआ। इसकी अध्यक्षता भंवरलाल मेघवाल ने की। सम्मेलन में संघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष निहालसिंह कड़वासरा ने प्रदेश कार्यकारिणी के निर्णय अनुसार शिक्षक समस्याओं के निराकरण के लिए संघर्ष का आह्वान किया। शिक्षक नेता हरिसिंह घिंटाला ने समान विचारधारा के संगठनों को एक मंच पर आने का निमंत्रण दिया। अशोक वर्मा ने एनपीएस के मुद्दे पर शिक्षकों से हो रहे छलावे पर सावचेत किया। सम्मेलन में अशोक पारीक ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। भंवरलाल मेघवाल के निर्देशन में जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। इसमें राजेन्द्र पूनिया को जिलाध्यक्ष, अशोक पारीक जिला मंत्री, विनोद बांदर को व्याख्याता प्रतिनिधि तथा ओमप्रकाश वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभंाग अध्यक्ष जगदीश सहारण ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर संतलाल बेनीवाल, निर्मल गोदारा, सुरेश जास्ट, शेलेन्द्र थोरी, फोजीराम बेनीवाल, गुरचरण सिंह, ओमप्रकाश सिंगाठिया आदि ने संबोधित किया।
Published on:
30 Nov 2021 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
