
चोरों को विभाग का
चोरों को विभाग का "संकेतकार" ही देता था पानी चोरी का संकेत, मिलीभगत सामने आने पर कलक्टर ने तत्काल हटाने का दिया निर्देश
-पानी चोरों के खिलाफ 30 मोबाइल टीमें करेगी कार्रवाई
-कलक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में हुई बैठक
हनुमानगढ़. नोहर व भादरा में नहरी पानी चोरों की अब खैर नहीं। सिद्धमुख और रासलाना वितरिका की करीब 80 किलोमीटर लंबी नहर पर पुलिस, प्रशासन और सिंचाई विभाग की 30 टीमें पानी चोरों पर 24 घंटे निगरानी रखने के साथ-साथ प्रभावी कार्रवाई भी करेगी। जिला कलक्टर, एसपी समेत अन्य अधिकारियों की टीमें नहर के रेगुलेशन 12 से 20 जनवरी के दौरान 11, 15 और 19 जनवरी को निरीक्षण के अलावा फ्लैगमार्च भी करेंगी। झांसल और घेहू में पानी चोरों पर शिकंजा कसने के लिए अतिरिक्त टीमें लगाई जाएगी। पानी चोरों के साथ मिलीभगत के चलते जिला कलक्टर ने भादरा में सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता कार्यालय के विभाग के एक कर्मचारी मदन को तुरंत प्रभाव से हटाने के अलावा नहरों की सिल्ट निकालने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस की मोबाइल टीमें और मजिस्ट्रेट मोबाइल टीमें अलग से मॉनिटरिंग व गश्त करेंगी। नोहर-भादरा के सिद्धमुख-रासलाना वितरिका में नहरी पानी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर जिला कलक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार शाम को कलक्ट्रेट में हुई बैठक में यह निर्णय लिए गए। ढाई घंटे चली बैठक में नोहर विधायक अमित चाचाण और नोहर प्रधान सोहन ढिल समेत नोहर, भादरा के प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे। विधायक अमित चाचाण ने कहा कि हमारा एक ही मकसद है कि टेल के किसानों को उनके हक का पूरा पानी मिले। पुलिस और प्रशासन भी किसी विभाग को नीचा दिखाने के बजाय सब मिलकर पानी चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करे ताकि सिद्धमुख और रासलाना वितरिका में टेल तक पानी पहुंचे। जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने कहा कि अत्यंत गंभीर मुद्दे पर बैठक का अलग से आयोजन कर पानी चोरों के खिलाफ प्रभावी रणनीति बनाई गई है। पुलिस और प्रशासन सब मिलकर पानी चोरों के खिलाफ कार्रवाई करेंगेे। ताकि पानी चोरी पर अंकुश लगे। पानी चोरों में भय पैदा हो और टेल के किसानों को उनके हक का पूरा पानी मिले। सभी विभागों ने मिलकर पानी चोरी रोकने को लेकर जो प्लान बनाया है। उसके निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम आएंगे। नोहर प्रधान सोहन ढिल ने भी पानी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग मिलने की बात कही। साथ ही बताया कि भादरा में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय के एक कर्मचारी मदन लाल संकेतकार ने पानी चोरों का वाट्सअप ग्रुप बना रखा है जो पानी चोरों को प्रशासन के आने और जाने की पूरी जानकारी देता है। ये कर्मचारी पिछले 20 साल से यहीं जमा बैठा है और पानी चोरों का अगुआ बना हुआ है। जिला कलक्टर ने इसे तुरंत हटाने के निर्देश बैठक में देते हुए कहा कि पानी चोरों के साथ विभाग के या किसी भी विभाग के कार्मिक की मिलीभगत सामने आई तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इससे पहले एडीएम अशोक असीजा ने पानी चोरी रोकने को लेकर बनाई गई रणनीति को बिदुंवार सबके सामने रखा। बैठक में यह तय किया गया है कि सिद्धमुख और रासलाना की कुल 80 किलोमीटर लंबाई में एक समय में कुल 10 टीमें प्रभावी गश्त करेंगी। एक टीम में कुल पांच लोग होंगे। जिनमें दो पुलिसकर्मी, दो सिंचाई विभाग के कार्मिक जिनमें से एक जूनियर अभियंता और एक अन्य कार्मिक और एक रेवन्यू का पटवारी साथ रहेगा। बैठक में जिला कलक्टर ने पानी चोरी के स्थानों को पहले से चिन्हित करने और उन जमीनों के रेवन्यू रिकॉर्ड को पहले से ही सिंचाई विभाग को उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। ताकि आवपासी रिपोर्ट को लेकर कोई दिक्कत ना आए। इसके अलावा पानी चोरों के द्वारा खेतों में जो पानी की पाइप लाइनों को मिट्टी के नीचे दबाकर दूर ले जाई जा रही है। उन्हें उखाडऩे के लिए एक्सक्वेटर, ट्रेक्टर, मजदूर इत्यादि लगाने के साथ साथ ड्रोन कैमरों को भी निगरानी के लिए लगाने के निर्देश दिए हैं । नाइट विजन के ड्रोन कैमरे पानी चोरों की रात में भी शिनाख्त कर सकेंगे। बैठक में श्रवण तंवर,नियामत, एडीएम नोहर नारायण दान चारण, सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर विनोद मित्तल, एएसपी जस्साराम बोस, नोहर एएसपी राजेन्द्र कुमार मीणा,एसडीएम भादरा जय सिंह, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, सीओ नोहर महेन्द्र सिंह, भादरा सीओ बृज मोहन, सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता शिवचरण रैगर, अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार, सहायक अभियंता हरिसिंह, मुकेश सिहाग और त्रिलोक चंद, कलक्ट्रेट के कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल के अलावा संघर्ष समिति के अध्यक्ष कृष्ण सहारण, उपाध्यक्ष रामगोपाल सहू, वेद सहारण, राजवीर स्वामी, कुलदीप सहू आदि मौजूद रहे।
Published on:
23 Dec 2020 08:53 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
