
केंद्रीय जल शक्तिमंत्री ने कृषि बिल के गिनाए फायदे, किसानों ने जताया विरोध
केंद्रीय जल शक्तिमंत्री ने कृषि बिल के गिनाए फायदे, किसानों ने जताया विरोध
-हनुमानगढ़ जिले के गांव सहजीपुरा में किसान चौपाल का आयोजन
हनुमानगढ़. केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को हनुमानगढ़ पहुंचे। उन्होंने गांव सहजीपुरा में किसान चौपाल को संबोधित किया। मंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए तीनों कृषि बिल को किसान हित में बताया। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि आज हम निर्यातक देश बन गए हैं। मगर बाजार के अनुसार कृषि योजना नहीं बनाने पर जिंदा नहीं रहा जा सकता। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने इस दर्द को समझा और किसान हितों को लेकर कई तरह की योजनाएं बनाई। इसके बाद मोदी अब इन योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी सरकार कृषि बजट में बढ़ोतरी कर रही है। फसलों के समर्थन मूल्य में सरकार काफी बढ़ोतरी कर रही है। इससे किसानों की आर्थिक सेहत सुधरी है। एक किसान आंदोलन का जिक्र कर कहा कि किसानों को असलियत का पता ही नहीं है। चोर कौन है, उसे पहचानने की जरूरत है। आगे कहा कि कृषि बिल को लेकर पूरे देश में कहीं आंदोलन नहीं हो रहे। पंजाब, हरियाणा व थोड़ा श्रीगंगानगर- हनुमानगढ़ में विरोध हो रहा है। पंजाब में आग लगने का कारण ३८०० करोड़ के मंडी शुल्क वसूली को बताया। मंत्री ने कहा कि इस बिल के लागू होने से किसानों के पेट में नहीं, मंडी टैक्स वसूलने वालों के पेट में दर्द हो रहा है। इसलिए किसानों के बीच में झूठ फैलाने का काम किया जा रहा है। साथ ही कहा कि झूठ को पैदा किया जा सकता है। लेकिन दौड़ाया नहीं जा सकता। रफाल के बारे में भी ऐसा ही किया गया था। लेकिन असलियत सबके सामने आ गई। इस मौके पर सांसद निहालचंद मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, जिलाध्यक्ष बलवीर विश्नोई, संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, पीलीबंगा विधायक धर्मेंद्र मोची, पूर्व प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, पूर्व प्रदेश मंत्री काशीराम गोदारा, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, पूर्व जिला प्रमुख कृष्ण चोटिया, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती सहित अन्य मौजूद रहे।
बिल पर भी बोलेंगे
चौपाल में काफी देर तक मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते रहने पर एक किसान से रहा नहीं गया। उसने चौपाल में खड़े होकर कहा कि आप बिल के बारे में बताइए। मंत्री ने कहा कि बिल पर भी बोलूंगा। लेकिन इससे पहले सरकार ने किसान हित में क्या कुछ किए हैं, यह बताना भी जरूरी है। तभी किसानों को असलियत समझ में आएगी। भाषण के आखिर में उन्होंने कृषि बिल के बारे में भी बताया।
जताई नाराजगी
सहजीपुरा में पहुंचने पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से कुछ किसानों ने कृषि बिल को लेकर सवाल किया तो मंत्री को यह नागंवार लगा। उक्त किसान ने कहा कि आपके इस बिल से मंडियां खत्म हो जाएगी। इस पर मंत्री ने पहले उक्त व्यक्ति से परिचय लिया। फिर कहा, मंडियां खत्म होगी या नहीं, यह आप कैसे बताओगे। आप तो किसान हो। बिल को लेकर कोई सवाल होता, इससे पहले ही मंत्री टाइम का अभाव बताकर आगे निकल गए। इस पर मौजूद कुछ किसानों ने सौरभ राठौड़ के नेतृत्व में नारेबाजी करके अपना विरोध दर्ज करवाया। गांवों से गुजरने के दौरान कुछ किसानों ने नारेबाजी कर इस बिल को लेकर अपना विरोध प्रकट किया।
Published on:
11 Oct 2020 08:01 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
