
पुलिस को देख भागे युवक जेल में फेंकने वाले थे तम्बाकू उत्पाद
पुलिस को देख भागे युवक जेल में फेंकने वाले थे तम्बाकू उत्पाद
- मौके से फरार दूसरा युवक भी गिरफ्तार
हनुमानगढ़. जंक्शन में सोमवार शाम पुलिस की गाड़ी देखकर भागने वाले कार सवार युवक जिला कारागृह में दीवार के ऊपर से तम्बाकू उत्पाद फेंकने वाले थे। पुलिस की गिरफ्त में आए युवक ने यह खुलासा किया। मौके से दबोचे गए युवक की पहचान चन्द्रभान (20) पुत्र प्रेम कुमार निवासी वार्ड 20 टाउन के रूप में हुई। पुलिस ने सोमवार रात उसके पड़ोसी व दूसरे आरोपी सुरजीत (22) पुत्र दिनेश कुमार निवासी वार्ड 20 शीलापीर के पास, टाउन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनसे गाड़ी को भगाने का कारण पूछा तो बताया कि चन्द्रभान का पिता प्रेम कुमार एनडीपीएस एक्ट के मामले में जिला कारागृह में बंद है। कार सवार तीनों जने उसी के लिए बीड़ी व जर्दा जेल की दीवार के ऊपर से फेंकने जा रहे थे। लेकिन रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस गाड़ी को देख पकड़े जाने के डर से वे गाड़ी दौड़ाने लगे। उनके पास न तो गाड़ी के कागजात थे और न ही लाइसेंस। एएसआई दलीप सिंह के अनुसार चन्द्रभान व सुरजीत को शांतिभंग की आशंका में पकड़ा गया है। इनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि सोमवार शाम जंक्शन में बस डिपो व रेलवे ओवरब्रिज के पास हरियाणा नम्बर की कार में सवार तीन युवकों ने पुलिस की गाड़ी देख अपने वाहन को तेजी से भगाया। पुलिस ने पीछा किया तो कार को गलियों में ले गए। इसके बाद पुलिस ने नियंत्रण कक्ष में सूचना दी। थोड़ी ही देर में बाइक सवार पुलिसकर्मी पहुंच गए। इसके बाद कई देर तक कार सवार युवक यहां से वहां भागते रहे। इसी दौरान रैंप से टकराकर कार के आगे के दोनों टायर फट गए। कार सवार उतरकर इधर-उधर भाग गए। पुलिस ने पीछा कर श्यामसिंह कॉलोनी क्षेत्र से एक जने को पकड़ लिया। जांच में कार से कोई आपत्तिजनक सामग्री वगैरह नहीं मिली थी।
आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में सरपंच पुत्र गिरफ्तार
हनुमानगढ़. मोबाइल फोन पर दलित समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंगलवार को आरोपी सरपंच पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी गगनदीप मइया (44) पुत्र प्रेमचन्द मइया निवासी गांव जोड़कियां को कोर्ट में पेश किया गया। मामले की जांच कर रहे एससीएसटी सेल सीओ प्रशान्त कौशिक ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को मजिस्ट्रेट के आदेश पर जेल भिजवा दिया। उल्लेखनीय है कि काशीराम मेघवाल पुत्र बुदाराम निवासी वार्ड 12, गांव जोड़कियां ने चार सितम्बर को मामला दर्ज कराया था। उसने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि गांव के जसराज मेघवाल के लड़के राजू की शादी थी। उसमें हरमन सिंह पुत्र सरजीत सिंह ने अपनी ब्रेजा कार डोली लेने के लिए भेजी थी। इसका पता चलने पर गगनदीप मइया ने कार मालिक हरमन सिंह को फोन कर दलित समाज के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। हरमन से कहा कि उसे बारात में कार नहीं भेजनी चाहिए थी। बार-बार दलित समाज के लोगों के बारे में गलत भाषा का प्रयोग किया। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Published on:
15 Sept 2020 09:52 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
