
वॉक करते हुए लोगों की प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)
Walking After Meals: खाना खाने के बाद अक्सर पेट भारी लगना, गैस बनना या ब्लोटिंग की समस्या कई लोगों को परेशान करती है। ऐसे में ज्यादातर लोग सीधे सोफे पर बैठ जाते हैं या लेट जाते हैं। लेकिन हाल ही में Banner Health में प्रकाशित एक हेल्थ आर्टिकल के अनुसार, खाने के बाद की एक छोटी-सी आदत आपकी पाचन संबंधी कई परेशानियों को कम कर सकती है। इस आदत को सोशल मीडिया पर फार्ट वॉक नाम दिया गया है। नाम भले ही मजाकिया लगे, लेकिन इसके पीछे की साइंस काफी दिलचस्प है।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी नर्स प्रैक्टिशनर रालुका सजेंटेस के मुताबिक, फार्ट वॉक का मतलब है खाना खाने के 10 से 30 मिनट के भीतर आराम से टहलना। इसमें तेज दौड़ना या भारी एक्सरसाइज करना शामिल नहीं है। सिर्फ हल्की वॉक ही काफी होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और पेट में बनने वाली अतिरिक्त गैस को बाहर निकालने में मदद कर सकती है।
जब हम खाना खाते हैं तो पेट और आंतें भोजन को तोड़ने और आगे बढ़ाने का काम शुरू कर देती हैं। अगर हम खाने के तुरंत बाद बैठ जाएं या लेट जाएं तो यह प्रक्रिया थोड़ी धीमी पड़ सकती है। हल्की वॉक आंतों की पेरिस्टाल्सिस (Peristalsis) नाम की प्राकृतिक गतिविधि को बढ़ावा देती है। यह वही प्रक्रिया है जो भोजन, गैस और मल को पाचन तंत्र में आगे बढ़ाने का काम करती है। यही वजह है कि टहलने से गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है।
फार्ट वॉक सिर्फ पेट तक सीमित नहीं है।खाना खाने के बाद थोड़ी देर चलने से शरीर ग्लूकोज का बेहतर इस्तेमाल कर पाता है। इससे ब्लड शुगर के अचानक बढ़ने का खतरा कम हो सकता है, जो प्रीडायबिटीज और टाइप-2 डायबिटीज वाले लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 10 मिनट की वॉक रक्त संचार को बेहतर बनाने, तनाव कम करने और मूड सुधारने में भी मदद कर सकती है। बाहर खुली हवा में टहलना मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा माना जाता है। खाना खाने के 10-15 मिनट बाद शुरू की गई 10 से 20 मिनट की आरामदायक वॉक काफी है। ध्यान रखें कि बहुत तेज चलने या भारी एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे कुछ लोगों में पाचन संबंधी परेशानी बढ़ सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि फार्ट वॉक कोई चमत्कारी इलाज नहीं है, लेकिन यह एक आसान, मुफ्त और वैज्ञानिक रूप से समर्थित आदत है। अगर आप अक्सर गैस, ब्लोटिंग या खाने के बाद भारीपन महसूस करते हैं, तो रोजाना कुछ मिनट की वॉक आपके पाचन और संपूर्ण स्वास्थ्य दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Published on:
05 Jun 2026 02:20 pm
बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
