11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Period Cramps: पीरियड्स का दर्द सिर्फ पेट में नहीं होता! NHS ने बताए शरीर के किन-किन हिस्सों में हो सकता है दर्द और क्यों

Menstrual Health: पीरियड्स का दर्द सिर्फ पेट तक सीमित नहीं होता। ACOG और NHS के अनुसार जानिए पीरियड्स के दौरान कमर, पीठ, जांघों और सिर में दर्द क्यों हो सकता है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Dimple Yadav

Jun 11, 2026

Period Pain in Hindi Dysmenorrhea Period Cramps

पीरियड्स के दर्द से परेशान महिला की प्रतीकात्मक तस्वीर (photo- freepik)

Menstrual Cramps: जब पीरियड्स शुरू होते हैं, तो ज्यादातर महिलाएं पेट में होने वाली ऐंठन और दर्द से परिचित होती हैं। लेकिन क्या आप जानती हैं कि पीरियड्स का दर्द सिर्फ पेट तक सीमित नहीं रहता? कई महिलाओं को इन दिनों कमर, जांघों, पीठ और यहां तक कि सिर में भी दर्द महसूस हो सकता है।

अमेरिकन कॉलेज ऑफ ऑब्सटेट्रिशियन्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट्स (ACOG) और ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के अनुसार, पीरियड्स के दौरान होने वाला दर्द (Dysmenorrhea) शरीर के अलग-अलग हिस्सों को प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव और गर्भाशय की मांसपेशियों का सिकुड़ना है।

आखिर पीरियड्स में दर्द क्यों होता है?

ACOG के मुताबिक, पीरियड्स के दौरान शरीर में प्रोस्टाग्लैंडिन्स (Prostaglandins) नामक रसायन बनते हैं। ये गर्भाशय (Uterus) की मांसपेशियों को सिकुड़ने में मदद करते हैं ताकि गर्भाशय की परत बाहर निकल सके। जब प्रोस्टाग्लैंडिन्स का स्तर ज्यादा होता है, तो गर्भाशय की सिकुड़न भी ज्यादा होती है। इससे दर्द, ऐंठन और असहजता महसूस हो सकती है।

पेट के निचले हिस्से में दर्द

यह पीरियड्स का सबसे आम लक्षण है। NHS के अनुसार, दर्द आमतौर पर पेट के निचले हिस्से में शुरू होता है और हल्की ऐंठन से लेकर तेज दर्द तक हो सकता है। कई महिलाओं को पीरियड्स शुरू होने से एक-दो दिन पहले ही यह दर्द महसूस होने लगता है।

कमर और पीठ में दर्द

अगर पीरियड्स के दौरान आपकी कमर टूटती हुई महसूस होती है, तो आप अकेली नहीं हैं। ACOG के अनुसार, गर्भाशय की सिकुड़न और पेल्विक क्षेत्र में होने वाले बदलावों के कारण दर्द पीठ और कमर तक फैल सकता है। यही वजह है कि कई महिलाओं को इन दिनों लंबे समय तक बैठने या खड़े रहने में परेशानी होती है।

जांघों और पैरों में दर्द

कुछ महिलाओं को पीरियड्स के दौरान जांघों या पैरों में भारीपन और दर्द महसूस होता है। गर्भाशय और पैरों की नसों के बीच तंत्रिका संबंध (Nerve Connections) होने के कारण दर्द नीचे की ओर फैल सकता है। इसलिए पीरियड्स के दौरान पैरों में खिंचाव या दर्द महसूस होना असामान्य नहीं है।

सिरदर्द भी हो सकता है

NHS के मुताबिक, हार्मोनल बदलावों के कारण कुछ महिलाओं को पीरियड्स के दौरान सिरदर्द या माइग्रेन की समस्या भी हो सकती है। विशेष रूप से एस्ट्रोजन (Estrogen) के स्तर में उतार-चढ़ाव इसका कारण बन सकता है।

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

ACOG सलाह देता है कि यदि दर्द इतना ज्यादा हो कि रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगें। दर्द हर महीने लगातार बढ़ रहा हो और दर्द के साथ बहुत ज्यादा रक्तस्राव हो साथ ही दर्द अचानक पहले से ज्यादा गंभीर हो जाए तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। कुछ मामलों में एंडोमेट्रियोसिस या अन्य स्त्री रोग संबंधी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।