
plantar fasciitis के कारण (representative image) image credit Magnific
Plantar Fasciitis Symptoms: सुबह बिस्तर से उठते ही पहला कदम रखते समय अगर एड़ी में तेज या चुभने वाला दर्द महसूस होता है, तो इसे सिर्फ थकान समझकर नजरअंदाज न करें। कई बार यह प्लांटर फैसाइटिस की वजह से भी हो सकता है। आखिर सुबह के समय एड़ी में दर्द क्यों होता है और इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं? आइए जानते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, प्लांटर फैसाइटिस एड़ी में दर्द की एक आम वजह है। प्लांटर फैसिया पैर के तलवे में मौजूद एक मजबूत टिश्यू होता है, जो एड़ी से पैर की उंगलियों तक फैला रहता है और पैर के आर्च को बनाने में मदद करता है। जब इस टिश्यू पर ज्यादा दबाव पड़ता है या इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल होता है, तो इसमें जलन और सूजन हो सकती है। इससे पैर पर वजन डालने या चलने पर दर्द महसूस हो सकता है।
मायो क्लिनिक (Mayo Clinic) के मुताबिक, प्लांटर फैसाइटिस एड़ी के दर्द की आम वजहों में से एक है। इसमें खासकर एड़ी के पास पैर के तलवे में तेज या चुभने वाला दर्द हो सकता है।
प्लांटर फैसाइटिस का एक खास संकेत सुबह उठकर पहला कदम रखने पर एड़ी में तेज दर्द होना है। कुछ देर चलने के बाद दर्द कम हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने या बैठने के बाद दोबारा उठने पर यह दर्द वापस आ सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कुछ लोगों को पैर के तलवे में लगातार हल्का दर्द, पैर के आर्च में दर्द, अकड़न या एड़ी के आसपास सूजन भी महसूस हो सकती है। पैर पर वजन डालने या चलने के दौरान दर्द तेज या चुभने वाला हो सकता है।
मायो क्लिनिक के अनुसार, जो लोग ज्यादा दौड़ते हैं, लंबे समय तक चलते या खड़े रहते हैं और सख्त सतह पर काम करते हैं, उनमें प्लांटर फैसाइटिस का खतरा बढ़ सकता है। पैरों की बनावट, रोज की गतिविधियां और पहने जाने वाले जूते भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा, फ्लैट फुट या पैर का आर्च ज्यादा ऊंचा होना और वजन ज्यादा होना भी प्लांटर फैसाइटिस से जुड़े कारणों में शामिल हैं। साथ ही ऐसे जूते पहनना जिनमें पैर को सही सपोर्ट न मिले, लंबे समय तक पैरों पर खड़े रहना और सख्त सतह पर एक्सरसाइज करना भी समस्या का खतरा बढ़ा सकता है।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कई मामलों में प्लांटर फैसाइटिस में आराम, बर्फ लगाने और स्ट्रेचिंग से राहत मिल सकती है। इसके अलावा ऐसे जूते पहनने चाहिए जिनमें अच्छा कुशन और आर्च सपोर्ट हो। बहुत फ्लैट जूते, फ्लिप फ्लॉप या बिना आर्च सपोर्ट वाली चप्पल पहनने से बचना चाहिए। सख्त जमीन पर नंगे पैर चलने से भी बचना चाहिए। इसके अलावा हल्की मसाज भी मदद कर सकती है।
अगर एड़ी या पैर में दर्द एक हफ्ते से ज्यादा समय तक बना रहता है या दो हफ्ते तक घर पर देखभाल करने के बाद भी आराम नहीं मिलता, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
Updated on:
16 Sept 2026 04:45 pm
Published on:
16 Sept 2026 04:37 pm
