
स्टेबल एंजाइना आने वाले समय में किसी बड़ी दिल की बीमारी या हार्ट अटैक का शुरुआती इशारा होता है।- प्रतीकात्मक तस्वीर(Source- freepik)
Stable Angina Symptoms: क्या आपको कभी सीढ़ी चढ़ते समय, भारी सामान उठाते समय या बहुत ज्यादा तनाव (tension) होने पर सीने में अजीब सी जकड़न या दर्द महसूस हुआ है? और फिर जब आप थोड़ी देर आराम करते हैं, तो वह दर्द 5 मिनट में अपने आप ठीक हो जाता है? अगर ऐसा है, तो इसे मामूली समझकर टालने की गलती न करें। क्लीवलैंड क्लिनिक अनुसार, यह स्टेबल एंजाइना (Stable Angina) हो सकता है, जो आने वाले समय में किसी बड़ी दिल की बीमारी या हार्ट अटैक का शुरुआती इशारा होता है।
यह खुद कोई बीमारी नहीं है, बल्कि दिल की बीमारी का एक बड़ा लक्षण है। जब हमारे दिल की नसों में थोड़ा बहुत ब्लॉकेज या कचरा (plaque) जमा हो जाता है, तो दिल तक खून का दौरा थोड़ा कम हो जाता है। आम दिनों में जब आप आराम कर रहे होते हैं, तब तो दिल को पूरा खून मिलता रहता है। लेकिन जैसे ही आप कोई मेहनत का काम करते हैं (जैसे दौड़ना या सीढ़ियां चढ़ना), तो दिल को ज्यादा खून और ऑक्सीजन की जरूरत होती है। नसें पतली होने के कारण जब दिल को पूरा खून नहीं मिल पाता, तो वह दर्द के जरिए इशारा करता है। इसी को स्टेबल एंजाइना कहते हैं।
यह दर्द तभी उठेगा जब आप कोई मेहनत का काम करेंगे या बहुत ज्यादा गुस्से या तनाव में होंगे। जैसे ही आप काम रोककर बैठ जाएंगे या आराम करेंगे, यह दर्द आमतौर पर 5 मिनट के अंदर अपने आप गायब हो जाता है। सीने में सिर्फ दर्द नहीं होता, बल्कि ऐसा लगता है जैसे किसी ने छाती को भींच दिया हो या कोई भारी चीज रख दी हो। कई बार यह दर्द सीने से शुरू होकर आपके बाएं हाथ, कंधे, गर्दन या जबड़े तक भी पहुंच जाता है।
सबसे पहले खानपान से तली-भुनी चीजें बंद करने, वजन कंट्रोल करने और सिगरेट-शराब से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है। डॉक्टर खून को पतला करने वाली दवाइयां (जैसे नाइट्रोग्लिसरीन या एस्पिरिन) देते हैं, ताकि दिल पर दबाव कम पड़े। अगर ब्लॉकेज बहुत ज्यादा है, तो डॉक्टर एंजियोप्लास्टी (Stent डालना) या बाईपास सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, डॉक्टरों को यह अच्छी तरह पता होना चाहिए कि मरीज के सीने का दर्द नॉर्मल गैस-एसिडिटी की वजह से है या फिर स्टेबल एंजाइना (दिल की नस सिकुड़ने) के कारण, ताकि सही इलाज हो सके। समय रहते इस दर्द की पहचान करना और इसका सही इलाज शुरू करना बहुत जरूरी है, क्योंकि यही आगे चलकर मरीज को बड़े हार्ट अटैक (मायोकार्डियल इन्फार्क्शन) से बचा सकता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Updated on:
07 Jul 2026 12:17 pm
Published on:
07 Jul 2026 12:17 pm
