
मुर्गे ने बच्ची के साथ की बदतमीजी, जिसे देख पुलिस को उठाना पड़ा ऐसा सख्त कदम
नई दिल्ली। आपने अभी तक इंसानों की शिकायत पुलिस थाने में होते सुनी रही होगी, लेकिन क्या आपने कभी किसी मुर्गे की शिकायत पुलिस में होते सुना है। जी हां, बेहद हैरान करने वाला ऐसा एक मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी में देखने को मिला है। जहां एक महिला मुर्गे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने भी मुर्गे और उसके मालिकों को पुलिस थाने में तलब कर लिया।
शिकायतकर्ता की बेटी को मुर्गे ने मारी थी चोच
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, पूनम कुशवाह नाम की महिला शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची कि उसकी बेटी को एक मुर्गे ने चोंच मार दी है। महिला ने पुलिस को की गई शिकायत में यह भी बताया कि यह मुर्गा उसके पड़ोस में रहने वाले परिवार का है और अब तक यह मुर्गा उनकी बच्ची को तीन बार काट चुका है। इस मामले में सबसे अधिक हैरान करने वाली बात यह थी कि पुलिस के बुलावे पर मुर्गे को लेकर थाने पहुंची मालकिन ने हाथ जोड़कर पुलिस से अपील की है कि उसके मुर्गे के साथ कुछ ना किया जाए, बेशक उन्हें जेल में डाल दिया जाए। इतना कहकर वो जोर-जोर से रोने लगी।
बच्चे की तरह पाला है मुर्गे को
मुर्गे की मालकिन लक्ष्मी ने बताया कि उसने मुर्गे को पांच रुपए में तब खरीदा था जब वह बहुत छोटा सा था। उसका कोई बच्चा नहीं है इसलिए वह बचपन से उसे अपने बच्चे की तरह पाल रही है। मुर्गे की मालकिन ने पीड़ित बच्ची के परिवार से मांफी मांगते हुए कहा है कि वह एक बार माफ कर दे। अब वह अपने मुर्गे को पिंजरे में रखा करेगी।
पुलिस ने कराया मामले को शांत
दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित बच्ची की मां को समझाया और आश्वाशन दिया कि अब आगे से मुर्गा, बच्ची को नहीं काटेगा। जिसके बाद वह मान गई और पुलिस ने मुर्गे के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद मुर्गा अपनी मालकिन के साथ थाने से चला गया।
Updated on:
03 Feb 2019 04:03 pm
Published on:
03 Feb 2019 04:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
