
'हम विमान में थे, जब अम्मी को अचानक दिल का दौरा पड़ा...' पढ़ें मां के लिए बेटी मरियम नवाज का वो ट्वीट
नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पत्नी कुलसुम नवाज का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। इलाज के लिए लंदन गई हुई थीं। बता दें, नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम भ्रष्टाचार के मामले में अभी पाकिस्तान के रावलपिंडी जेल में बंद हैं। कुलसुम नवाज के निधन की पुष्टि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने की है।
बेटी ने मां के लिए दुआएं करने का अनुरोध किया था
बता दें, गले के कैंसर से पीड़ित होने की बात सामने आने के बाद पिछले साल उनकी कई सर्जरी की गई थी। उन्हें हाल में दिल का दौरा पड़ा था और उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इसके बाद उनकी बेटी मरियम ने ट्वीट किया था, ''हम विमान में थे जब अम्मी को अचानक दिल का दौरा पड़ा। वह आईसीयू में हैं और तब से ही वेंटिलेटर पर हैं।'' अपने पिता के साथ लंदन पहुंची मरियम ने शुभचिंतकों से अपनी मां के लिए दुआएं करने का अनुरोध किया था।
नवाज के बेटे आैर भाई ने किया था ये ट्वीट
14 जून को उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उनकी स्थिति बिगड़ गई और रात में ही उन्हें तत्काल इमरजेंसी में ले जाया गया। तब से उन्हें होश नहीं आया था। नवाज के बेटे हुसैन नवाज ने भी राष्ट्र से अपील की थी वह उनकी मां के लिए दुआएं करें। नवाज के भाई शहबाज शरीफ ने जनता से अनुरोध किया था कि कुलसुम की सेहत में तेजी से सुधार के लिए वे उनके साथ प्रार्थना करें। उन्होंने ट्वीट किया था कि रमजान का पवित्र महीना समाप्त होने जा रहा है, मैं अपने हमवतनों से अपील करता हूं कि उनकी सेहत में तेजी से सुधार के लिए वे मेरे साथ प्रार्थना करें। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि प्रार्थना की शक्ति सबसे बड़ी होती है।
Updated on:
11 Sep 2018, 5:48 PM IST
Published on:
11 Sep 2018, 5:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.