
इंदौर. मध्यप्रदेश में लगातार दूसरे दिन नकली नोटों का कारखाना पकड़ा गया है। इस बार मामला प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर का है जहां क्राइम ब्रांच की टीम ने नकली नोट बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से ढाई लाख रुपए से भी ज्यादा के नकली नोट जब्त किए हैं। आरोपी के पास से 100, 500 व 2000 रुपए के नकली नोट जब्त हुए हैं। आरोपी बैग में नकली नोट भरकर उन्हें मार्केट में चलाने के लिए निकला था लेकिन इससे पहले कि वो अपने काम को अंजाम दे पाता पुलिस ने उसे धरदबोचा।
किराए के मकान को बनाया नकली नोटों का 'कारखाना'
पकड़े गए आरोपी का नाम राजकुमार तायड़े है जो कि आजाद नगर इलाके का रहने वाला है। वो वर्तमान में लियाकत अली नाम के शख्स के घर पर किराए पर रहता था और यहीं पर उसने नकली नोट छापने का कारखाना बना रखा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी महज 12वीं पास है जो कि घर पर लैपटॉप, प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापता था। आरोपी के पास से 100 रुपए के 476, 500 रुपए के 159 और 2000 रुपए के 63 नकली नोट जब्त हुए हैं। जिनकी कीमत 2.53 लाख रुपए है। आरोपी के कमरे से लैपटॉप, कलर प्रिंटर और ए-4 साइज का हाईक्वालिटी का पेपर जब्त किया गया है।
लॉकडाउन में हुआ बेरोजगार तो छापने लगा नकली नोट
आरोपी राजकुमार ने बताया है कि वो एक फाइटिंग क्लब में ट्रेनर था लेकिन लॉकडाउन में उसकी नौकरी छूट गई। इसी दौरान इंटरनेट पर वीडियो देखकर उसने नकली नोट बनाना सीखा। हाई क्वालिटी का प्रिंटर खरीदा और असली नोटों को कागज पर चिपकाकर मार्क तैयार कर प्रिंट कर नकली नोट छापने लगा। शुरुआती तफ्तीश में ये भी पता चला है कि आरोपी पिछले एक महीने से हजारों रुपए के नकली नोट मार्केट में खपा चुका है। बता दें कि मंगलवार को जबलपुर में भी पुलिस ने नकली नोटों के कारखाने का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है और उनके पास से भी लाखों रुपए के नकली नोट जब्त हुए थे। जबलपुर में भी आरोपी घर पर ही कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापने का काम कर रहे थे।
देखें वीडियो- सिंधिया के विरोध में कांग्रेस ने महल के गेट पर लगाए पोस्टर
Published on:
09 Jun 2021 09:07 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
