
8 lakh cash bag, पुलिस की गिरफ्त में पैसों के बैग के साथ आरोपी (Source-Patrika)
Indore 8 Lakh Cash Bag: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक व्यक्ति की लखपति बनने की खुशी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी और लालच ने उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दरअसल इस व्यक्ति को लिफ्ट में पैसों से भरा एक बैग मिला था, नोटों की गड्डियां देख व्यक्ति को लालच आ गया और वो बैग लेकर चुपचाप चला गया। लेकिन जब पैसे गुम हो जाने पर संबंधित व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत की तो कुछ ही देर में पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से पैसे ले जाने वाले तक पहुंच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राऊ क्षेत्र में रहने वाले मुकेश पांचाल अपने निजी काम के लिए बैंक से 8 लाख रुपये लोन लिए थे। वो बैंक से पैसे लेने के बाद पैसों को एक बैग में रखकर घर आ रहे थे। इसी दौरान सोसायटी की बिल्डिंग में आने के बाद उन्होंने लिफ्ट में अपने पास ही बैग रखा था। लेकिन लिफ्ट से उतरते वक्त वो भूलवश पैसों से भरा बैग लिफ्ट में ही भूल गए और उतरकर अपने घर चले गए। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उन्हें याद आया कि वो लिफ्ट में पैसों से भरा बैग भूल आए हैं। इसके बाद मुकेश पांचाल भागते हुए लिफ्ट में पहुंचे लेकिन वहां पैसों से भरा बैग नहीं था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल मामले की जांच शुरु करते हुए बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति लिफ्ट से पैसों से भरा बैग ले जाते हुए नजर आया, जिसकी पहचान बाद में अमन जैन के तौर पर हुई। इसके बाद पुलिस ने अमन जैन को हिरासत में लिया और उसके पास से पैसों से भरा बैग जिसमें 8 लाख रुपये रखे हुए थे बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में अमन जैन ने बताया कि पैसे देखकर उसके मन में लालच आ गया था इसलिए वो चुपचाप पैसों से भरा बैग लेकर चला गया था। पुलिस के मुताबिक अमन जैन का पुराना कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
03 Sept 2026 07:29 pm
Published on:
03 Sept 2026 07:29 pm
