
इंदौर. इंदौर शहर में प्रशासन कई चुनौतियों का सामना करते हुए कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहा है और ऐसे में अगर कोई गलती करे तो अधिकारियों की नाराजगी जायज है। कुछ ऐसा ही वाक्या उस वक्त हुआ जब कलेक्टर मनीष सिंह ने कुछ महिलाओं को जमकर फटकार लगाई। ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन की महिलाएं कलेक्टर मनीष सिंह का स्वागत करने के लिए पहुंची थीं लेकिन कलेक्टर ने उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाकर वापस लौटा दिया।
कलेक्टर बोले- कर्फ्यू खत्म हुआ है कोरोना नहीं
इंदौर शहर में ब्यूटी पार्लर खोलने की अनुमति मिलने के कारण खुश ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन की कुछ महिलाएं कलेक्टर मनीष सिंह का धन्यवाद देने और स्वागत करने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान कलेक्टर मनीष सिंह को महिलाओं के सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने का एक मामला याद आ गया और उन्होंने तुरंत ही महिलाओं को फटकार लगाते हुए कहा कि आप लोग कोरोना के प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं जिस पर महिलाओं ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन न करने की बात कही। जिसके जवाब में कलेक्टर ने कहा कि हमारे पास इस बात का सबूत है कि आपने प्रोटोकॉल तोड़ा है और अच्छा होगा कि आप लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करें। कलेक्टर मनीष सिंह ने फटकार लगाते हुए महिलाओं से कहा कि कोरोना के कारण शहर में लगाया गया कर्फ्यू खत्म हुआ है कोरोना नहीं इसलिए जरूरी है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए।
बुके को लेकर भी जताई नाराजगी
ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन की महिलाएं बुके लेकर कलेक्टर का स्वागत करने पहुंची थीं इसे लेकर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और कहा कि ये क्या आप लोग बुके लेकर आए हैं, प्लीज ऐसा न करें क्योंकि इससे भी कोरोना फैलने का खतरा है।
देखें वीडियो.
ये है सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन का सबूत
जिस सबूत की बात कलेक्टर मनीष सिंह ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन की महिलाओं से कह रहे थे अगर उसकी बात करें तो उसका एक वीडियो पत्रिका के पास भी है। ये वीडियो उस वक्त का है जब ब्यूटी पार्लर एसोसिएशन की इन्हीं महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर खोलने की अनुमति मिलने के बाद बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला का आभार जताया था। केक काटा था और खुशी खुशी सेल्फी भी ली थीं। इस दौरान महिलाएं एक दूसरे से बिना दूरी बनाए खड़ी हुई थीं।
देखे वीडियो.
Updated on:
24 Jun 2020, 1:42 PM IST
Published on:
24 Jun 2020, 1:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.