
fake liquor factory busted, इंदौर में पॉश कॉलोनी में नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ाई (source- patrika)
Indore Fake Liquor Factory: मध्यप्रदेश के इंदौर में नकली शराब के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। आबकारी टीम ने एक नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। नकली शराब की फैक्ट्री शहर के पॉश इलाके में तीन मंजिला मकान में चलाई जा रही थी। मकान में नकली शराब बनाने की मशीनें लगी हुई थीं। आबकारी टीम ने मौके से 144 बल्क लीटर शराब के साथ भारी मात्रा में नकली लेबल, होलोग्राम, पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
इंदौर शहर की पॉश कॉलोनियों में शामिल तुलसी नगर में एक तीन मंजिला मकान में मशीनें लगाकर नामी ब्रांड्स की नकली शराब बनाई जा रही थी। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने तीन दिनों तक गोपनीय निगरानी और रैकी के बाद मकान पर छापा मारा और नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। आबकारी विभाग ने मौके से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है और साथ ही 144 बल्क लीटर शराब के साथ भारी मात्रा में नकली लेबल, होलोग्राम, पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।
देखें वीडियो-
आबकारी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने घर के अंदर नकली शराब फैक्ट्री का पूरा सेटअप बना रखा था। मशीनों से अवैध शराब बनाने के साथ ही उसकी पैकेजिंग की जाती थी। 16 पेटियों में भरी 144 बल्क लीटर देशी शराब, स्प्रिट, कैरेमल, पैकिंग सामग्री, विभिन्न ब्रांडों के हजारों डुप्लीकेट लेबल और होलोग्राम, शराब की बोतलों के कैप, कार्टून और दो बड़ी ब्लेंडर मशीनें बरामद की गईं हैं। बताया गया है कि नकली शराब बनाकर आरोपी नामी ब्रांड्स के नाम से मकान में बेचता था। मौके से मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान में बिकने वाले कई ब्रांड्स के लेबल, लेबल और पैकेजिंग सामग्री भी मिली है, जिससे अंदेशा है कि आरोपी राजस्थान में भी नकली शराब सप्लाई करता था या फिर बेचता था। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग को आशंका है कि यह शराब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। इसे देखते हुए शराब के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि शराब में किस प्रकार के रसायनों का उपयोग किया गया था और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आबकारी विभाग इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
Published on:
25 Jun 2026 06:53 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
