
gas pipeline blast fire 4 people injured, गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट के बाद लगी आग (source- patrika)
Indore Gas Pipeline Blast: मध्यप्रदेश के इंदौर में स्कीम नंबर 54 के सुमन नगर में गैस पाइपलाइन फटने से हड़कंप मच गया। गैस पाइपलाइन फटते ही जोर का विस्फोट हुआ और आग लग गई। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पाइपलाइन में ब्लास्ट के बाद लगी आग में 4 लोग झुलस गए जिनमें एक महिला भी शामिल है। आग ने पास ही खड़ी दो गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन फटी।
बताया गया है कि सुमन नगर में जैन मंदिर के पास स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी बोरिंग का काम करा रहे थे। इसी दौरान बोरिंग मशीन के कारण वहां से गुजरी अवंतिका गैस पाइपलाइन विस्फोट के साथ फट गई और आग लग गई। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। अचानक भड़की आग से 4 लोग झुलस गए जिनमें एक महिला भी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और लोग आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए।
पाइपलाइन में विस्फोट और आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किया। घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से अभी घायलों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाए जाने के बाद स्थानीय रहवासियों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल रहा और तरह-तरह की चर्चाएं चलती रहीं। हादसे में पाइपलाइन को कितना नुकसान हुआ है इस बात का पता कंपनी का प्रबंधन लगाने की कोशिश कर रहा है।
Updated on:
23 Jun 2026 08:42 pm
Published on:
23 Jun 2026 06:52 pm
