
ट्रैफिक संभालने सड़क पर उतरे डीसीपी (फोटो सोर्स: Input)
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। यानी अब शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर और भी कड़ी निगरानी की शुरुआत हो गई है।
इसके लिए यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी सड़क पर उतर आए हैं। इस दौरान जहां आसमान से ड्रोन के जरिए प्रमुख चौराहों की निगरानी की गई, वहीं रॉन्ग साइड चलने और रेड लाइट जंप करने वाले वाहन चालकों पर मौके पर ही कार्रवाई की गई।
डीसीपी के निरीक्षण के दौरान शहर के व्यस्ततम नौलखा और विजय नगर चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान बनाए। साथ ही, माइक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए वाहन चालकों को रेड लाइट पर रुकने, लेफ्ट टर्न खाली छोड़ने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक भी किया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया। आसमान से ड्रोन कैमरे के जरिए ट्रैफिक के दबाव और अव्यवस्थित खड़े वाहनों की निगरानी की गई। यातायात में बाधा बन रहे और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को सपोर्ट टीम और क्रेन की मदद से तुरंत उठवा लिया गया, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
डीसीपी त्रिपाठी ने ट्रैफिक व्यवस्था में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चौराहों पर ट्रैफिक का संचालन सुव्यवस्थित होना चाहिए। खासकर 'पीक आवर्स' (सुबह और शाम के व्यस्त समय) के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। रेड लाइट और लेफ्ट टर्न के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो, ताकि आम नागरिकों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
Updated on:
30 Aug 2026 08:08 am
Published on:
30 Aug 2026 08:08 am
