
,,,,
इंदौर. इंदौर में एक नवविवाहिता का शव एक होटल से बरामद हुआ है। नवविवाहिता ने जहर खाकर खुदकुशी की है और वो दो दिनों से लापता थी। परिजन के मुताबिक दो महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी और शादी के बाद से ही वो काफी परेशान रहती थी। पुलिस ने नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। शुरुआती जांच में एक ट्यूशन टीचर के द्वारा नवविवाहिता को परेशान करने की बात सामने आई है।
होटल के कमरे में मिली लाश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इंदौर के स्कीम-78 स्थित एक होटल के कमरे से नवविवाहिता की लाश मिली है। नवविवाहिता की पहचान ईशा जैन निवासी इमली बाजार के तौर पर हुई है जो दो दिनों से लापता थी। ईशा की शादी दो महीने पहले संभव जैन के साथ हुई थी। रूम लेने से पहले ईशा ने होटल में सभी कागजात जमा किए थे और ये भी बताया कि उसे ऑनलाइन काम के लिए वाई फाई की जरूरत है इसलिए रूम ले रही है कोई उसे डिस्टर्ब न करे। शनिवार की सुबह जब चेकआउट का समय हुआ तो कमरे में होटल के स्टाफ ने फोन लगाया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया तो भी कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया तो ईशा की लाश कमरे में मिली। कमरे में सल्फास की गोली के कई खाली और भरे पैकेट भी मिले हैं।
ट्यूशन टीचर कर रहा था परेशान
मृतका ईशा के परिजन का आरोप है कि एक ट्यूशन टीचर ईशा को बीते कई साल से परेशान कर रहा था। वो एक बार ईशा की सगाई भी तुड़वा चुका था और अब जब ईशा की शादी हुई तो भी ट्यूशन टीचर उसे परेशान कर रहा था जिससे परेशान होकर ही ईशा ने खुदकुशी की है। वहीं ये भी पता चला है जो ट्यूशन टीचर ईशा को परेशान करता था वो उम्र में उससे करीब 10 साल बड़ा था। पुलिस ने परिजन के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरु कर दी है।
देखें वीडियो- सिरफिरे आशिक ने वीडियो बनाकर टीआई की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी
Published on:
06 May 2023 08:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
