
MP Weather: मई के अंतिम सप्ताह में तेज धूप के बजाय बादल छाए हुए हैं। हवा का रुख भी बदलने लगा है। चक्रवातीय सिस्टम से इंदौर सहित संभाग के अन्य जिलों में बारिश की संभावना रहेगी। मौसम विभाग ने इंदौर को येलो अलर्ट पर रखा है। मानसून के महाराष्ट्र तक पहुंचने से प्री मानसून(Pre-monsoon) एक्टीविटीज भी तेज होने की स्थिति बन रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग भोपाल के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीएस यादव ने बताया, पश्चिमी मप्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ की तरफ जा रही है। इसके साथ ही एक अन्य सिस्टम भी सक्रिय है। आने वाले दो से तीन दिन में कहीं-कहीं तेज हवा-आंधी के साथ बारिश की संभावना रहेगी। अभी दक्षिण पश्चिम मानसून मप्र नहीं पहुंचा है। अब प्री मानसून गतिविधियों का असर भी बढ़ेगा।
पिछले दो दिनों से दिन में बादल छा रहे हैं, जिससे उमस का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी अधिक होने व बादल छाए रहने से धूप से गर्म हुई हवा वातावरण में नहीं पहुंच पाती, जिससे उमस अधिक होती है। यह स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है।
मंगलवार को दिन का तापमान 35.6 डिग्री व रात का तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिन का तापमान 37.6 डिग्री व 26.7 डिग्री था। 24 घंटे में दिन के तापमान में 2 डिग्री की कमी दर्ज हुई है। आद्रता 54 फीसदी दर्ज हुई। दृष्यता 5000 मीटर रही। पश्चिम उत्तर पश्चिमी हवा 29 किमी प्रति घंटे की रतार से चली।
Updated on:
28 May 2025 11:50 am
Published on:
28 May 2025 07:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
