
इंदौर। समाज में कुछ लोग होते हैं जो कुछ अलग करके अपनी अलग पहचान बनाते हैं। जिंदादिली से जिंदगी जीने का जुनून इनको औरों से जुदा करता है। ऐसे ही एक दंपती के बार में आपको बताते हैं जो उम्र के उस दौर में ‘जिंदगी के सफर’ पर निकलते हैं जब लोग घरों में रहना पसंद करते हैं।
इनका नाम है जयप्रकाश सिरोठिया और राजदेवी सिरोठयिा। उम्र 60 बरस है लेकिन जिंदगी जीने का जज्बा 30 की तरह। पति-पत्नी बाइक से भारत के 25 से अधिक राज्यों में लगभग एक लाख किमी का सफर तय कर चुके हैं और ये सफर अब भी जारी है।
चार धाम सहित 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा भी बाइक से की है। हाल ही में बाइक से नेपाल के लिए निकले और 3 अप्रेल को वापस अपने घर लौटे। सफर में लगभग 6500 किमी बाइक चलाई। आने वाले दिनों में बाइक से कश्मीर जाने का प्लान बना रहे हैं। जयप्रकाश सिरोठिया अर्थशास्त्री और अकाउंटेंट हैं। वे एक निजी कंपनी में सेवा दे रहे हैं। वे बताते हैं कि उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटा विदेश में है। तीनों बेटियां भी नौकरी करतीं हैं।
सबसे पहले बेटियों ने घर में कदम रखा। तभी से सिरोठिया परिवार ने निश्चय कर लिया था कि अब लोगों को संदेश देंगे कि बेटियां, बेटों से कम नहीं है। उन्हें पढ़ाएं, लिखाएं और आगे बढ़ाएं। जयप्रकाश अपनी पत्नी राजदेवी के साथ लोगों को जागरूक करने निकल पड़े। दंपती ने बताया,हम जहां-जहां जाते हैं वहां लोगों को बताते हैं कि बेटियां घर की रौनक होतीं हैं। बेटियों को मारो मत, उन्हें जीने दो। पूरे देश में इस संदेश को फैलाने का जिम्मा लिया है। जेपी सिरोठिया पिछले 10 सालों से पत्नी के साथ भारत भ्रमण कर यह संदेश दे रहे हैं। अब तक लगभग एक लाख किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं। दंपती सर्वधर्म-समभाव की भावना के साथ यात्रा करते हैं।
60 की उम्र में जब दंपती बाइक पर जोश-जज्बे के साथ निकलते हैं तो देखने वाले भी हैरत में पड़ जाते हैं। कई लोग तो ये कहते भी हैं कि उम्र के इस दौर में लोग घर में आराम कर बच्चों के साथ समय व्यतीत करते हैं, लेकिन ये दंपती सबसे हटकर है।
Updated on:
07 Apr 2023 12:26 pm
Published on:
07 Apr 2023 12:25 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
