
youth death found dead at home, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Indore Youth Death: मध्यप्रदेश के इंदौर के कनाड़िया इलाके में एक युवक का शव उसके ही घर में रविवार को मिला है। पुलिस को एक युवती ने सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस घर पर पहुंची तो घर अंदर से बंद था, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंची तो युवक को मृत पाया। युवती युवक की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है और ये भी पता चला है कि युवक-युवती के बीच बीती रात किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मृतक युवक एक कॉल सेंटर में काम करता था।
कनाड़िया इलाके में नीर कॉलोनी में रहने वाले हर्ष रामपाल नाम के युवक का शव उसके ही घर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि हर्ष ने आत्महत्या की है वो एक कॉल सेंटर में काम करता था और घर में अकेला रहता था। उसके पिता का 2018 में निधन हो गया था और मां की भी कोरोना काल के दौरान मृत्यु हो गई थी। हर्ष की एक बहन भी है जो कि अमेरिका में रहती है। रविवार को एक युवती ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में हर्ष मृत हालत में मिला।
बताया गया है कि हर्ष अमेरिका में रहने वाली अपनी बहन के पास जाने वाला था। वो बहन के पास जाने के लिए अपना घर भी बेचना चाहता था लेकिन मकान बेचने के लिए बहन की एनओसी की जरूरत थी। बहन के इंदौर न आ पाने के कारण हर्ष मकान नहीं बेच पा रहा था। माता-पिता की मौत के बाद से हर्ष घर में अकेला रहता था, उससे मिलने के लिए गर्लफ्रेंड घर पर आती रहती थी। रिश्तेदारों ने बताया कि हर्ष बीते कुछ समय से मानसिक तनाव में था और ये भी पता चला है कि बीती रात उसका अपनी गर्लफ्रेंड से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
Updated on:
09 Aug 2026 09:24 pm
Published on:
09 Aug 2026 09:24 pm
