
#Ayodhya Verdict
जबलपुर। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा बहुप्रतिक्षित फैसला शनिवार को सुना दिया गया। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद संस्कारधानी वासियों ने संप्रदायिक सद्भाव का परिचय देते हुए गंगा-जमुनी तहजीव को कायम रखा। शहर सौहाद्र्र की एक अनुपम मिशाल पेश कर रहा है। फैसले के मद्देनजर पुलिस- प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहा। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। फैसले के मद्देनजर मुख्य व्यवसायिक क्षेत्र बंद रहे। दोपहर से स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने लगी।
अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी ने किया सम्मान
शहर में सुरक्षा का सख्त पहरा, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त
अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर सुबह से लोगों में उत्सुकता रही। सुबह 10.30 बज ेसे 11.30 बजे के बीच जब फैसला आया। उस दौरान शहर की सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में टीवी के सामने बैठे रहे और फैसला सुनते रहे। उधर पुलिस प्रशसन शहर में कानून व्यवस्था कायम रखने लगातार मुस्तेद रही।
कलेक्टर-एसपी करते रहे संवाद-
कलेक्टर भरत यादव व एसपी अमित सिंह सुबह से ही गश्त करते रहे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ शहर के बेलबाग, गोहलपुर, रद्दी चौकी, बड़ी ओमती, गुरंदी, हनुमानताल, बड़ी खेरमाई, मछली मार्केट,गलगला, बलदेवबाग, दमोहनाका, पेंटीनाका सदर सहित अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से संवाद भी किया। - जगह-जगह अधिकारियों को दिए निर्देश-
कलेक्टर यादव एव एसपी सिंह ने शहर के कई क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने की हिदायत दी। शहर के कई क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
- रैली जुलूस, आतिशबाजी पर रोक-
जिला दंडाधिकारी ने आदेश जारी कर शहर में पटाखे विक्रय, खरीदने व बेचने पर रोक लगा दी है।
- जुलूस, सभा, रैली, धरना, प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। पूर्व में जारी अनुमति भी निरस्त कर दी गई।
-शहर में धारा 144 लागू है। किसी भी स्थान पर पांच से ज्यादा व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकेंगे।
मोबाइल पर बात करने वाले कर्मी निलंबित-
एसपी अमित सिंह ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर व्यस्त मिले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके मोबाइल जप्त कर लिए।
अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय ने जो फैसला दिया है उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। संस्कारधानी में गंगा जमुना तहजीव की धारा बहती है। यहां सभी लोग मिलजुलकर त्यौहार मनाते हैं। यहां के सद्भाव का संदेश पूरे देश में जाना चाहिए। मेरी अपील है शहर का अमन चैन पूरी तरह से कायम रहे।
चंगेज खां अशरफी, खादिम, कचहरी दरगाह
रामजन्म भूमि पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। यह प्रमाणित हो गया है कि विवादित जगह हिंदुओं की है। अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बने। नया ट्रस्ट बनाने का निर्णय दिया गया है वह उचित नहीं है। वहीं जब विवादित जगह हिंदुओं की ही है तो मुस्लिम पक्षकारों को जमीन नहीं देना चाहिए।
शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती, शारदा एवं ज्योतिष पीठाधीश्वर
स्रुपीम कोर्ट का फैसला अच्छा है। दोनों धर्म के लोगों को इसका सम्मान करेंगे। इसी के साथ जब कभी मंदिर और मस्जिद का निर्माण होगा तो दोनों समुदाय एक दूसरे का सहयोग करें और विश्व में एकता का संदेश पहुंचाएं। संस्कारधानी के लोग भाईचारा निभाना जानते हैं संविधान का पालन करते हैं।
दिनेश यादव, अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी
सर्वोच्चय न्यायलय ने जो फैसला दिया है। उसका सभी सम्मान करते है। संस्कारधानी के लोग आपसी भाई-चारा के साथ रहते हैं। यहां का सांप्रदायिक सद्भाव सदैव कायम रहा है।
विनय सक्सेना, विधायक
शहर में स्थिति शांतिपूर्ण-
शहर में स्थिति शांतिपूर्ण है लगभग ढाई हजार का पुलिस बल सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है जिले में धारा 144 भी लागू है अगर इसका उल्लंघन किया जाता है तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा अभी किसी भी क्षेत्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है स्थितियों पर नजर रखी जा रही है।
अमित सिंह एसपी
लगातार निगरानी की जा रही-
जिले में स्थिति अभी तक नियंत्रण में है किसी भी जगह से कोई अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं आई है प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी सभी क्षेत्रों में जाकर निगरानी रख रहे हैं इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है इसमें अफवाह फैलाने वाले मैसेज पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ग्रुप एडमिन को चाहिए कि वह इस तरह के मैसेज अपने ग्रुप में शेयर ना होने दें।
भरत यादव, कलेक्टर
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
9 Nov 2019, 2:42 PM IST
Published on:
9 Nov 2019, 2:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़




