भाई को जान से मारने की धमकी देकर युवती से दुष्कर्म
भाई को जान से मारने की धमकी देकर वीएफजे कर्मी युवक ने युवती के साथ दो बार दुष्कर्म किया। परिजन गुरुवार रात युवती को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने दुष्कर्म व धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। 18 वर्षीय युवती के पिता का निधन हो चुका है। परिवार में उसके अलावा मां, बहन व एक भाई हैं। फरवरी 2017 में वह घर पर अकेली थी, तो पड़ोस में रहने वाले वीएफजे कर्मी रोहित वर्मा ने उसे अपने घर बुलाया। वहां छोटे भाई की हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जून 2018 में भी उसने धमका कर दुष्कर्म किया। गुरुवार को रोहित ने उसकी मां के साथ झगड़ा किया, तब उसने हिम्मत कर मां को आपबीती सुनाई।