
Cold wave in mP
जबलपुर। मावठे की बारिश के बाद अब कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है। आज शाम से बादलों के छंटने की संभावना है। रात के तापमान में जबरदस्त गिरावट होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि दोपहर तक बारिश होने चेतावनी भी जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिगड़े मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बदला-बदला रहा। गुरुवार की दोपहर से अचानक शुरू हुई बूंदाबांदी का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। सुबह-सुबह लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो घना कोहरा छाया था। सूर्योदय के साथ ही कोहरा छंटता गया और कुछ देर में धूप निकल आयी, लेकिन दोपहर होते तक फिर बादल छा गए।
शाम तक बादलों से आसमान ढंका रहा। काले बादल छाए रहने के कारण उमस बढ़ गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया। गुरुवार से शुक्रवार के बीच चौबीस घंटे में 9.6 मिमी वर्षा हुई। मावठे की बारिश के बाद चली ठंडी हवा से अधिकतम तापमान सामान्य के नीचे आ गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ऊपर हो गया। अधारताल मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से एक डिग्री होने के साथ ही गुरुवार के मुकाबले भी कम रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा। मावठे की बारिश के बाद 4 किमी प्रतिघंटे की गति से दक्षिण पूर्वी हवा चली। नमी भरी हवा के चलने से दिन में ठंड महसूस हुई। चौबीस घंटे में 9.6 मिमी बारिश के साथ ही इस वर्ष कुल 31.6 मिमी बारिश रेकॉर्ड हो गई है।
आज से छंटेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने लगा है। आसमान में छाए काले बादल शनिवार से छंटने की संभावना है। रविवार से तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। शनिवार को संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ सकती है।
Published on:
14 Dec 2019 10:14 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
