
mahfil bar muskan chaudhary death, मृतका मुस्कान चौधरी की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- Patrika)
Jabalpur Mahfil Bar Muskan Death: मध्यप्रदेश के जबलपुर में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित महफिल बार में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बार में काम करने वाली एक युवती पर साथी कर्मचारी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की वजह का पता नहीं चल पाया है लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है।
20 वर्षीय मुस्कान चौधरी महफिल बार में सर्विस प्रोवाइडर का काम करती थी, शुक्रवार रात को वो अपना काम खत्म कर घर जाने ही वाली थी, लेकिन इससे पहले ही साथ काम करने वाले पवन बर्मन नाम के युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के वक्त बार में स्टाफ के अन्य सदस्य व कस्टमर भी थे लेकिन कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही आरोपी पवन मौके से फरार हो गया। बार के स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटना के बाद पुलिस ने मुस्कान के परिजनों को सूचना दी जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मुस्कान करीब 2 साल से महफिल बार में काम कर रही थी। वो सुबह 10 बजे काम पर जाती थी और रात 9 बजे घर वापस आ जाती थी। जब वो 9 बजे तक घर नहीं पहुंची तो उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन बार-बार कॉल करने पर भी उसने फोन रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद किसी और ने फोन कर बताया कि मुस्कान के साथ कुछ घटना हो गई है आप लोग जल्दी आ जाइए। वहां पहुंचे तो पता चला कि साथ काम करने वाले किसी पवन बर्मन ने मुस्कान की हत्या कर दी है।
परिजनों का कहना है कि मुस्कान का किसी से कोई विवाद नहीं था और पवन के बारे में उन्हें कुछ जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पवन बर्मन बरगी का रहने वाला है और वारदात के बाद से फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है, फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।
Updated on:
15 Aug 2026 04:35 pm
Published on:
15 Aug 2026 04:31 pm
