
murder disclose
जबलपुर। रांझी पुलिस ने छह सितम्बर की सुबह मरघटाई मोहल्ला मडई में हत्या कर फेंके गए अभिषेक कोल उर्फ खटीक (19) प्रकरण का रविवार को खुलासा किया। पुलिस ने माले में उसके ही दो दोस्तों को गिरफ्तार किया। वारदात से पहले तीनों ने साथ में शराब पी थी। फिर बाइक से घूमकर क्षेत्र में कई कार के कांच तोड़े थे। वारदात स्थल पर अभिषेक की एक आरोपी से गर्लफ्रेंड से मिलवाने और 10 हजार रुपए की मांग को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों ने चाकू से गोदकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक और पहने गए कपड़े जब्त किए।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने खुलासा करते हुए बताया कि फक्कड़ बाबा मंदिर के पास रहने वाला अभिषेक कोल घर से पांच सितम्बर की रात 10 बजे भोजन कर टहलने निकला था। रात भर वह घर नहीं लौटा। सुबह उसकी 5.30 बजे रक्तरंजित लाश मिली थी। प्रकरण की विवेचना में पता चला कि अभिषेक कोल को आखिरी बार मस्ताना चौक निवासी आकाश झारिया उर्फ सेठजी और आनंद मार्ग बड़ा पत्थर निवासी गिरीश विश्वकर्मा को हिरासत में लिया।
ये किया खुलासा-
अभिषेक कोल भी अपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ लूट, अवैध वसूली व नकबजनी के तीन वारदात न्यायालय में विचाराधीन है। पांच को आकाश का जन्मदिन था। आकाश दोस्त गिरीश विश्वकर्मा के साथ बाइक से घूमने निकला था। बड़ा पत्थर में दोनों एक मकान में शराब पी रहे थे। वहां अभिषेक कोल भी पहुंचा। तीनों ने शराब पी और फिर बाइक से घूमने निकले। इस दौरान तीनों ने कई कारों के कांच फोड़े। रात 3.30 बजे मड़ई में पहुंचे। वहां अभिषेक ने गिरीश से 10 हजार रुपए मांगे और उसे अपनी गर्लफ्रेंड से मिलवाने की जिद करने लगा। आकाश ने गुस्से में चाकू से उसके पेट पर ताबड़तोड़ पांच वार किए। गिरने के बाद भी उसने चाकू से वार किया और इसके बाद बाइक से दोनों फरार हो गए।
दोनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के-
एसपी बहुगुणा के मुताबिक दोनों आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चायना चाकू, अभिषेक कोल का पर्स, मार्कशीट, बिजली का बिल, आधारकार्ड की कॉपी, बाइक और वारदात के समय आरोपियों के पहने हुए कपड़े जब्त किए गए। आकाश पर लूट व मारपीट के तीन तो गिरीश पर दो चोरी व मारपीट के प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।
Published on:
13 Sept 2020 07:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
