जबलपुर। सावन के बाद भादौं का महीना भी लोगों को राहत देने के बजाये परेशान कर रहा है। दिन हो या रात तापमान में ठंडक का नाम नहीं है। उमस से लोग बेचैन नजर आ रहे हैं। मौसम का ऐसा मिजाज दशकों पहले देखा गया था, लेकिन इस साल की बारिश न के बराबर हुई है। जिले में तालाब अब भी खाली नजर आ रहे हैं। नर्मदा का जलस्तर भी गर्मियों की तरह तलहटी से लगा हुआ है। वहीं खेतों में किसानों की चिंता अभी से बढ़ गई है कि ठंड के दिनों में पानी कैसे मिलेगा, जब बांध ही खाली रहेंगे। बारिश थमने के बाद तापमान बढ़ रहा है। मौसम का मिजाज बदलने से लोग गर्मी और उमस से परेशान हो रहे हैं। शहर में गुरुवार सुबह हल्के बादल छाए हैं, लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई।