
Rajasthan : भरतपुर में आरोपी मुरारीलाल मीना व कोटपूतली में राजेन्द्र सिंह। फोटो पत्रिका
Rajasthan : भरतपुर में एसीबी की टीम ने नर्सिंग ऑफिसर मुरारीलाल मीना को एक हजार और कोटपूतली-बहरोड़ में कोटपूतली थाने के पुलिस उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह को साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलैना में पदस्थापित नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय मुरारीलाल मीना को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बेरोजगारी भत्ते की उपस्थिति प्रमाणित एवं ऑनलाइन दर्ज करने के बदले परिवादी से घूस मांग रहा था। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी भरतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि नर्सिंग ऑफिसर मुरारीलाल मीना बेरोजगारी भत्ते की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की एवज में 500 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से 4 माह के 2,000 रुपए रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा है।
इस शिकायत के बाद निरीक्षक महेंद्र सिंह की टीम ने जाल बिछाया। सत्यापन के दौरान आरोपी 1500 रुपए लेने पर सहमत हुआ और 19 अगस्त को 500 रुपए ले चुका था। गुरुवार को आरोपी को शेष राशि एक हजार रुपए लेते ही टीम ने धर दबोचा। एसीबी की टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।
वहीं दूसरी घटना में राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले में कोटपूतली थाने के पुलिस उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह को साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार एसीबी चौकी अलवर को परिवादी ने शिकायत की कि उसके द्वारा बैंक के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली थाने में दर्ज मुकदमे का अनुसंधान राजेन्द्र सिंह द्वारा किया जा रहा था। प्रकरण में आगे की कार्यवाही करने की एवज में उससे पांच हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा गत 19 अगस्त को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान राजेन्द्र सिंह द्वारा परिवादी से पांच रुपए रिश्वत की मांग करना तथा डेढ़ हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त करना पाया गया। शेष साढे़ तीन हजार रुपए की रिश्वत बाद में प्राप्त करना तय हुआ।
इसके बाद आज ट्रैप कार्यवाही के दौरान राजेन्द्र सिंह परिवादी से साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी से रिश्वत राशि बरामद की गयी। आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
Updated on:
20 Aug 2026 07:04 pm
Published on:
20 Aug 2026 07:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
