
फोटो पत्रिका नेटवर्क
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB)ने गुरुवार को फुलेरा थाना अधिकारी चंद्र प्रकाश यादव और प्राइवेट व्यक्ति (दलाल) हैप्पी माथुर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर ग्रामीण इकाई द्वारा की गई। कार्रवाई से बाद फुलेरा थाने में हड़कंप मच गया। साइबर क्राइम की शिकायत में गिरफ्तार नहीं करने एवं मामला रफा दफा करने के एवज में 70 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी जयपुर ग्रामीण को एक शिकायत मिली थी। जिसमें बताया कि परिवादी के भाई को साइबर क्राइम की शिकायत में गिरफ्तार नहीं करने एवं मामला रफा-दफा करने के लिए फुलेरा थानाधिकारी चंद्र प्रकाश यादव द्वारा अपने दलाल हैप्पी माथुर (सीएलजी मेंबर एवं मोबाइल शॉप मालिक) द्वारा 70 हजार रुपए की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद जयपुर एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में जयपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिहाग के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जाल बिछाया।
टीम ने आरोपी फुलेरा थानाधिकारी चंद्र प्रकाश यादव एवं दलाल हैप्पी माथुर को 50 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दलाल हैप्पी माथुर द्वारा 20 हजार रुपए रिश्वत के रूप में पूर्व में ही वसूल कर लिए थे। एसीबी टीम की ओर से गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
02 Oct 2025 05:05 pm
Published on:
02 Oct 2025 04:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
